Swiggy New Feature: Swiggy का दिवाली गिफ्ट! अब एक पेमेंट में 5 रेस्टोरेंट से मंगाएं खाना

Swiggy ने दिवाली और त्योहारी सीजन से पहले Multi-Restaurant Ordering फीचर लॉन्च किया है। अब ग्राहक एक ही पेमेंट में अधिकतम पांच अलग-अलग रेस्टोरेंट से खाना ऑर्डर कर सकेंगे। सभी ऑर्डर की ट्रैकिंग एक स्क्रीन पर होगी। जानिए Swiggy के इस नए फीचर की खासियत, उपलब्धता और ग्राहकों को मिलने वाले फायदे।

Swiggy New Feature

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अक्टूबर 15, 2026

Advertisements
728x90-Kanya-Sumangla-Mission-Shakti-Digital

Swiggy New Feature: दिवाली और त्योहारों के सीजन में अगर घर में किसी को पिज्जा खाना है, तो किसी को बिरयानी और किसी को मिठाई, तो अब अलग-अलग ऑर्डर करने की झंझट काफी हद तक खत्म होने वाली है। ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी ने अपने यूजर्स के लिए एक नया फीचर लॉन्च किया है। इसका नाम मल्टी-रेस्टोरेंट ऑर्डरिंग (Multi-Restaurant Ordering) है। इस फीचर की मदद से ग्राहक एक ही बार में पांच अलग-अलग रेस्टोरेंट से अपनी पसंद का खाना ऑर्डर कर सकेंगे और पेमेंट भी एक साथ कर पाएंगे।

अब एक साथ 5 रेस्टोरेंट से खाना ऑर्डर कर सकेंगे

अब एक साथ 5 रेस्टोरेंट से खाना ऑर्डर कर सकेंगे

बताते चले कि, स्विगी के इस नए फीचर के जरिए अब ग्राहकों को अलग-अलग रेस्टोरेंट से खाना मंगाने के लिए बार-बार नया कार्ट बनाने और पेमेंट करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ग्राहक अपनी पसंद के पांच रेस्टोरेंट चुन सकते हैं और सभी का खाना एक साथ ऑर्डर कर सकते हैं। उदाहरण के तौर पर, अगर किसी परिवार को एक रेस्टोरेंट से स्टार्टर, दूसरे से मुख्य खाना और तीसरे से मिठाई मंगानी है, तो यह काम एक ही जगह से किया जा सकेगा। इससे उन लोगों को खास फायदा होगा, जिनके घर में हर सदस्य की खाने की पसंद अलग-अलग है।

अब अलग-अलग कार्ट की भी कर सकेंगे तुलना

आपको बता दे कि, स्विगी के इस फीचर में सिर्फ एक साथ ऑर्डर करने की सुविधा ही नहीं है, बल्कि ग्राहक अलग-अलग रेस्टोरेंट के कार्ट बनाकर उनकी तुलना भी कर सकेंगे। इससे उन्हें अपनी पसंद के व्यंजन चुनने में आसानी होगी। पहले अलग-अलग रेस्टोरेंट से खाना मंगाने के लिए ग्राहकों को कई बार चेकआउट करना पड़ता था। हर ऑर्डर के लिए पेमेंट और दूसरी जरूरी प्रक्रियाएं भी पूरी करनी होती थी। लेकिन अब एक ही पेमेंट में सभी ऑर्डर प्लेस किए जा सकेंगे। इससे समय बचेगा और ऑर्डर करने की प्रक्रिया भी आसान होगी।

हर ऑर्डर की अलग डिलीवरी, ट्रैकिंग एक जगह

हर ऑर्डर की अलग डिलीवरी, ट्रैकिंग एक जगह

कंपनी के मुताबिक, अलग-अलग रेस्टोरेंट से दिए गए ऑर्डर अपनी-अपनी जगह पर तैयार होंगे और उनकी डिलीवरी भी अलग-अलग की जाएगी। यानी सभी व्यंजन एक ही डिलीवरी पार्टनर के जरिए या एक ही समय पर पहुंचेंगे, इसकी गारंटी नहीं है। हालांकि, ग्राहकों को राहत देने के लिए स्विगी ने सभी ऑर्डर का स्टेटस देखने की सुविधा भी दी है। ग्राहक एक ही ट्रैकिंग स्क्रीन पर अपने सभी ऑर्डर की जानकारी देख सकेंगे। इससे हर ऑर्डर को अलग-अलग ऐप स्क्रीन पर जाकर ट्रैक करने की परेशानी कम होगी।

Swiggy के 55% यूजर एक से ज्यादा कार्ट बनाते हैं

स्विगी की ओर से किए गए कंज्यूमर रिसर्च में सामने आया कि करीब 55 प्रतिशत यूजर एक ही सेशन में दो कार्ट बनाते हैं। वहीं, हर पांच में से एक यूजर पहले ऑर्डर के 30 मिनट के भीतर दूसरा ऑर्डर भी करता है। इन आंकड़ों से पता चलता है कि कई ग्राहक अपनी जरूरत और पसंद के हिसाब से अलग-अलग रेस्टोरेंट से खाना मंगाते हैं। कंपनी का मानना है कि नया फीचर ऐसे यूजर्स के लिए ऑर्डरिंग का अनुभव आसान बनाएगा।

स्विगी फूड मार्केटप्लेस के चीफ बिजनेस ऑफिसर सिद्धार्थ भाकू के मुताबिक, इस सुविधा का मकसद ग्राहकों को अपनी पसंद का खाना चुनने की ज्यादा आजादी देना है। कंपनी इसके जरिए घर बैठे फूड कोर्ट जैसा अनुभव उपलब्ध कराना चाहती है।

Swiggy का नया फीचर 720 से ज्यादा शहरों में उपलब्ध

Swiggy का नया फीचर 720 से ज्यादा शहरों में उपलब्ध

कंपनी के अनुसार, मल्टी-रेस्टोरेंट ऑर्डरिंग फीचर देश के 720 से ज्यादा शहरों में उपलब्ध है। दिवाली, लंबी छुट्टियों और पारिवारिक आयोजनों के दौरान यह सुविधा खास तौर पर उपयोगी हो सकती है। हालांकि, ग्राहकों को ध्यान रखना होगा कि अलग-अलग रेस्टोरेंट से आने वाले ऑर्डर का डिलीवरी समय अलग-अलग हो सकता है। कुल मिलाकर, स्विगी के इस नए फीचर से ग्राहकों को एक साथ कई रेस्टोरेंट से खाना चुनने, एक ही पेमेंट करने और सभी ऑर्डर को एक स्क्रीन पर ट्रैक करने की सुविधा मिलेगी।