Suvendu Adhikari: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार (16 मई 2026) को डायमंड हार्बर और फाल्टा क्षेत्र में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के खिलाफ तीखा रुख अख्तियार किया। फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में 21 मई को होने वाले पुनर्मतदान से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं की एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने टीएमसी के स्थानीय नेता जहांगीर खान को सीधी चेतावनी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से स्थानीय सांसद अभिषेक बनर्जी का राज्य की राजनीति में प्रवेश हुआ है, तब से पिछले एक दशक से डायमंड हार्बर के नागरिक अपने लोकतांत्रिक अधिकारों और मताधिकार का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। सीएम ने जनता को आश्वस्त किया कि अब स्थितियां बदल चुकी हैं और आगामी पुनर्मतदान मतदाताओं के अधिकारों को पूरी तरह बहाल करेगा।
मुख्यमंत्री का दावा
बताते चले कि, मुख्यमंत्री बनने के बाद अपनी पहली राजनीतिक जनसभा को संबोधित करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने फाल्टा के विकास के लिए भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र से इतर एक विशेष पैकेज का ऐलान किया। इसके साथ ही उन्होंने अभिषेक बनर्जी को घेरते हुए कहा कि उन्हें ‘लीप्स एंड बाउंड्स’ नामक निजी कंपनी की संपत्तियों से जुड़ी महत्वपूर्ण फाइलें मिल चुकी हैं। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कोलकाता नगर निगम से विवरण मांगा था, जिसके बाद दक्षिण 24 परगना के आमतला स्थित एक आलीशान दफ्तर समेत कुल 24 संदिग्ध संपत्तियों की सूची उनके पास आ चुकी है। मुख्यमंत्री ने मंच से घोषणा की कि ‘भतीजे’ की इन कथित अवैध संपत्तियों की गहन जांच बहुत जल्द शुरू की जाएगी।
तृणमूल कांग्रेस के पुराने राजनीतिक अत्याचारों का हिसाब
जनसभा में भावुक और आक्रामक अंदाज में नजर आए मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि वह भाजपा कार्यकर्ताओं पर टीएमसी शासन के दौरान हुए अत्याचारों और हिंसा को भूले नहीं हैं। उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर सख्त कदम उठाते हुए पुलिस को निर्देश जारी किए हैं कि पुराने राजनीतिक अपराधों के मामलों में तुरंत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जाए। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने केंद्रीय योजनाओं के फंड में हुए वित्तीय दुरुपयोग और भ्रष्टाचार की शिकायतों पर भी त्वरित कानूनी कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने फाल्टा के मतदाताओं से शांतिपूर्ण और हिंसा-मुक्त माहौल में रिकॉर्ड मतदान करने की अपील की।
जहांगीर खान के ‘पुष्पा’ वाले बयान पर सीएम का पलटवार
फाल्टा सीट से टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान को ‘नामित कुख्यात अपराधी’ बताते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने फिल्मी अंदाज में उन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “तथाकथित ‘पुष्पा’ अब मेरी व्यक्तिगत जिम्मेदारी है।” दरअसल, यह विवाद तब शुरू हुआ था जब चुनाव के दौरान उत्तर प्रदेश के आईपीएस अधिकारी और केंद्रीय पर्यवेक्षक अजय पाल शर्मा ने जहांगीर खान को सख्त लहजे में चेतावनी दी थी। इस पर पलटवार करते हुए जहांगीर ने कहा था कि ‘यह यूपी नहीं बंगाल है, यहां सिंघम नहीं चलेगा, अगर वह सिंघम हैं तो मैं भी पुष्पा हूं।’ इसी संदर्भ को उठाते हुए सीएम ने अब कड़ा संदेश दिया है। गौरतलब है कि निर्वाचन आयोग ने 29 अप्रैल को फाल्टा में हुई भारी अनियमितताओं, ईवीएम से छेड़छाड़ और मतदाताओं को डराने-धमकाने की शिकायतों के बाद वहां का चुनाव रद्द कर दिया था।










