IND vs PAK: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले महामुकाबले से पहले युद्ध शुरू हो चुका है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने न केवल अपनी बल्लेबाजी, बल्कि अपनी लीडरशिप से भी सबका दिल जीत लिया है। उन्होंने नेट प्रैक्टिस के दौरान खुद गेंदबाज बनकर टीम के बल्लेबाजों को पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक की चुनौतियों के लिए तैयार किया।
IND vs PAK T20 World Cup: भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला आज, मैदान में दिखेंगे 11 धुरंधर
नेट सेशन में सूर्यकुमार का मास्टरस्ट्रोक
बताते चले कि, कोलंबो के मैदान पर अभ्यास सत्र के दौरान एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला। सूर्यकुमार यादव ने रिंकू सिंह को गेंदबाजी करते हुए उस्मान तारिक के अनोखे ‘पॉज’ (रुकने वाले) एक्शन की नकल की। हालांकि सूर्या पूरी तरह से तारिक के साइडआर्म एक्शन को कॉपी नहीं कर सके, लेकिन उनका इरादा साफ था—अपने बल्लेबाजों को उस अनिश्चितता के लिए तैयार करना जो तारिक की गेंदबाजी में दिखती है। यह कदम दर्शाता है कि भारतीय खेमा इस ‘मिस्ट्री’ स्पिनर को कितनी गंभीरता से ले रहा है।
पाकिस्तान का यह नया गेंदबाज बनेगा सबसे बड़ा खतरा?
आपको बता दे कि, 28 वर्षीय उस्मान तारिक वर्तमान में क्रिकेट जगत में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। उनके साइडआर्म एक्शन और गेंद फेंकने से ठीक पहले के ठहराव ने कई बल्लेबाजों को दुविधा में डाल दिया है। हालांकि उनके एक्शन पर सवाल भी उठे, लेकिन कप्तान सलमान अली आगा ने साफ कर दिया है कि आईसीसी से उन्हें हरी झंडी मिल चुकी है। तारिक का हालिया फॉर्म शानदार रहा है; उन्होंने यूएसए के खिलाफ मैच में 3 विकेट झटककर अपनी उपयोगिता साबित की है।
सलमान अली आगा ने तारिक को बताया अपना ‘ट्रम्प कार्ड’
पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने मैच पूर्व प्रेस कॉन्फ्रेंस में उस्मान तारिक का बचाव करते हुए उन्हें अपनी टीम का सबसे घातक हथियार बताया। सलमान आगा ने कहा, “आप लोगों ने उस्मान को एक बड़ा नाम बना दिया है, लेकिन हमारे लिए वह सिर्फ एक खिलाड़ी है जो अपनी भूमिका बखूबी निभा रहा है। वह हमारा ट्रम्प कार्ड है और बाहरी बातों का उन पर कोई असर नहीं पड़ता।” आगा के इस बयान ने मुकाबले की गर्मी को और बढ़ा दिया है।
सिलेबस से बाहर का सवाल
जब सूर्यकुमार यादव से तारिक की गेंदबाजी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने एक बहुत ही सटीक उपमा दी। सूर्या ने कहा, “कभी-कभी परीक्षा में सिलेबस से बाहर के सवाल आ जाते हैं, लेकिन हम उसे छोड़ नहीं सकते। हमें अपना रास्ता खुद बनाना होगा।” उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय टीम इस अनोखे एक्शन के खिलाफ हार नहीं मानेगी और नेट सेशन में की गई मेहनत को मैदान पर लागू करेगी।
भारतीय बल्लेबाजों की असली परीक्षा
आंकड़े बताते हैं कि इस टूर्नामेंट में भारतीय बल्लेबाजों को स्पिन खेलने में काफी मशक्कत करनी पड़ी है। यूएसए और नामीबिया जैसी टीमों के खिलाफ भी मिडिल ओवर्स में भारत ने कई विकेट गंवाए हैं। अब अबरार अहमद, मोहम्मद नवाज और उस्मान तारिक जैसे सजे-धजे स्पिन आक्रमण के सामने भारत को अपनी तकनीक और मानसिक मजबूती का परिचय देना होगा। क्या ‘स्काई’ की यह तैयारी पाकिस्तान के चक्रव्यूह को भेद पाएगी, यह देखना दिलचस्प होगा।
IND vs PAK से पहले रणनीति तैयार, पाकिस्तान बदल सकता है अपनी प्लेइंग XI









