Sukesh Love Letter: “मेरी बेबी बोम्मा…” जन्मदिन पर फिर जागा सुकेश का प्यार, जैकलीन के लिए लिखा इमोशनल लेटर

200 करोड़ की ठगी के आरोपी सुकेश चंद्रशेखर ने जेल से अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज़ को जन्मदिन पर एक और पत्र लिखा है। सुकेश ने इसमें पेरिस के डेबिली फुटब्रिज पर 'लव लॉक' लगाने का दावा करते हुए अपने प्यार को अमर बताया है। साथ ही, उसने जैकलीन को अपनी कानूनी मुश्किलों के कारण हुई परेशानी के लिए माफी भी मांगी है।

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

मार्च 25, 2026

Sukesh Love Letter: देश के सबसे चर्चित जालसाज और कथित महाठग सुकेश चंद्रशेखर ने एक बार फिर जेल की सलाखों के पीछे से बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज के नाम एक भावुक पत्र लिखा है। अपने जन्मदिन के अवसर पर लिखे इस खत में सुकेश ने न केवल जैकलीन के प्रति अपने प्रेम का इजहार किया, बल्कि अपनी कानूनी लड़ाइयों के कारण अभिनेत्री को होने वाली परेशानियों के लिए माफी भी मांगी है। सुकेश ने इस पत्र के साथ एक प्रतीकात्मक तस्वीर साझा कर दावा किया है कि उनका रिश्ता अब ‘अमर’ हो चुका है।

जैकलीन को याद करता ‘बेबी बॉय’

बताते चले कि, मंडोली जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर ने अपने पत्र की शुरुआत बड़े ही रूमानी अंदाज में ‘जैकी शेखर फॉरएवर’ लिखकर की। उसने लिखा कि जन्मदिन के इस मौके पर शोर-शराबे और तोहफों के बीच वह खुद को बेहद अकेला महसूस कर रहा है। सुकेश के अनुसार, जैकलीन की आवाज और मुस्कान के बिना उसका हर जश्न अधूरा है। उसने खत में उन पलों को याद किया जब अभिनेत्री उसके खास दिनों को ‘जादुई’ बना दिया करती थी। सुकेश ने जेल की दूरी से ही जैकलीन को ‘लाखों फ्लाइंग किस’ भेजते हुए अपनी तड़प बयां की है।

पेरिस के डेबिली फुटब्रिज पर ‘लव लॉक’

दिखावे और महंगे तोहफों के लिए मशहूर सुकेश ने इस बार कुछ अलग करने का दावा किया है। उसने पत्र में जानकारी दी कि उसने किसी को विशेष रूप से प्यार के शहर पेरिस भेजा था। वहां के प्रसिद्ध ‘डेबिली फुटब्रिज’ पर उसने ‘शेखर और जैकी’ के नाम का एक ‘लव लॉक’ (प्यार का ताला) लगवाया है। सुकेश का कहना है कि उस ताले की चाबी सीन नदी में फेंक दी गई है, जिसका अर्थ है कि अब उनका रिश्ता कभी टूट नहीं सकता। उसने इस छोटे से ताले को अरबों की कीमत वाला बताया, जो उसकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

जैकलीन की बदनामी पर सुकेश का ‘क्राइम गिल्ट’

अपने संदेश के एक हिस्से में सुकेश काफी गंभीर नजर आया। उसने स्वीकार किया कि उसकी वजह से जैकलीन को जिस ‘तूफान’ और कानूनी अफरा-तफरी का सामना करना पड़ रहा है, उसका उसे गहरा पछतावा है। सुकेश ने लिखा कि अदालतों और मुकदमों के बीच उसे हर दिन एक अपराधबोध (Guilt) महसूस होता है कि उसकी लड़ाइयों में जैकलीन अनजाने में उलझ गई हैं। उसने अभिनेत्री से माफी मांगते हुए वादा किया कि वह जल्द ही इन कानूनी मुश्किलों से बाहर आएगा और उनके आंसुओं को मुस्कान में बदल देगा।

अटूट प्रेम और भविष्य के हसीन सपने

खत के समापन पर सुकेश ने जैकलीन को ‘मेरी बोम्मा’ और ‘मेरी शक्ति’ जैसे संबोधन दिए। उसने दावा किया कि सच की जीत होगी और केस खत्म होते ही वह उनके पास वापस लौटेगा। सुकेश ने लिखा कि दुनिया चाहे कुछ भी कहे, वह हमेशा जैकलीन को ही चुनेगा क्योंकि वह उसकी जिंदगी का सबसे खूबसूरत हिस्सा हैं। गौरतलब है कि सुकेश चंद्रशेखर पर 200 करोड़ रुपये की रंगदारी और मनी लॉन्ड्रिंग के गंभीर आरोप हैं, जबकि जैकलीन फर्नांडीज़ का नाम भी इस मामले की जांच के दायरे में रहा है।