Stock Market News: भारतीय शेयर बाजार गुरुवार, 29 जनवरी को उत्साहपूर्ण मूड के साथ बंद हुए। सुबह के कारोबार में शुरुआती गिरावट के बावजूद बाजार ने दोपहर और सत्र के आखिरी हिस्से में तेजी दर्ज की। टाटा स्टील और लार्सन एंड टुब्रो जैसे प्रमुख शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स 222 अंक चढ़कर 82,566.37 अंक पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 76.15 अंक की बढ़त के साथ 25,418.90 अंक पर बंद हुआ।
बाजार में जोरदार रैली, सेंसेक्स 950 अंक चढ़ा, HDFC बैंक और ट्रेड डील ने बढ़ाया उत्साह
सुबह की गिरावट, दोपहर की तेजी
सुबह के शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 636.74 अंक टूटकर 81,707.94 अंक तक पहुंच गया था। निफ्टी भी 25,159.80 अंक तक फिसल गया था। लेकिन आर्थिक समीक्षा में अगले वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 6.8-7.2 प्रतिशत वृद्धि अनुमान और वैश्विक बाजारों में बढ़त के कारण दोपहर तक बाजार ने मजबूती दिखाई।
आर्थिक समीक्षा का असर

संसद में पेश वित्त वर्ष 2025-26 की आर्थिक समीक्षा ने निवेशकों का उत्साह बढ़ाया। इसमें अगले वित्त वर्ष में अर्थव्यवस्था 6.8-7.2 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान जताया गया है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि अमेरिका के साथ चल रही व्यापार वार्ता इस साल पूरी होने की संभावना है। इन सकारात्मक संकेतों ने बाजार को लो लेवल से उभारने में मदद की।
Economic Survey 2025-26: बजट से पहले संसद में पेश हुआ आर्थिक सर्वे, GDP ग्रोथ 7.2% तक संभव
कंपनियों के शेयरों में रुझान
टाटा स्टील ने 4.41 प्रतिशत की बढ़त के साथ सबसे अधिक तेजी दर्ज की। लार्सन एंड टुब्रो के शेयरों में भी 3.66 प्रतिशत की तेजी रही, जो अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 10 प्रतिशत वृद्धि दर्ज करने वाले लाभ का परिणाम है। वहीं, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी, अदाणी पोर्ट्स और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में लाभ रहा। दूसरी ओर, एशियन पेंट्स, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), मारुति और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों में गिरावट देखी गई।
विदेशी और घरेलू निवेशकों की सक्रियता

शेयर बाजार आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने बुधवार को 480.26 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने भी 3,360.59 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स के शोध प्रमुख विनोद नायर के मुताबिक, “आर्थिक समीक्षा के सकारात्मक संकेत और स्थिर मुद्रास्फीति ने घरेलू बाजारों को शुरुआती गिरावट से उबारने में मदद की।”
एशिया और वैश्विक बाजारों का हाल
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग उच्च स्तर पर बंद हुए। यूरोप के बाजार दोपहर के कारोबार में बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बुधवार को स्थिर बंद हुए थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत में भी 2.50 प्रतिशत की तेजी देखी गई और यह 70.11 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई।
Stock Market Today: सेंसेक्स 319 अंक फिसला, निफ्टी भी लाल निशान पर









