Steve Smith Century: स्मिथ का सिडनी में धमाका, एशेज में तोड़ा 95 साल पुराना रिकॉर्ड

सिडनी टेस्ट में स्टीव स्मिथ (Steve Smith) ने 165 गेंदों पर शानदार शतक जड़कर क्रिकेट इतिहास रच दिया है। स्मिथ अब एशेज में डॉन ब्रैडमैन के बाद सबसे ज्यादा 13 शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इस पारी के साथ उन्होंने राहुल द्रविड़ (36 शतक) को पछाड़कर अपने टेस्ट करियर का 37वां शतक पूरा किया और कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए।

steve smith century

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जनवरी 6, 2026

Steve Smith Century: ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) पर इतिहास रच दिया है। एशेज सीरीज के आखिरी टेस्ट की पहली पारी में स्मिथ ने न केवल एक शानदार शतक जड़ा, बल्कि क्रिकेट जगत के कई बड़े कीर्तिमानों को भी ध्वस्त कर दिया। 165 गेंदों में पूरा किया गया यह शतक उनकी मास्टरक्लास बल्लेबाजी का एक और प्रमाण है।

गोल्ड कप ओपन चेस टूर्नामेंट: दौसा में रुद्रांश पंचोली की शानदार जीत

एशेज इतिहास में 95 साल बाद बना नया कीर्तिमान

बताते चले कि, सिडनी टेस्ट में शतकीय पारी खेलते ही स्टीव स्मिथ ने एशेज में सर्वाधिक शतक लगाने के मामले में 95 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। स्मिथ अब एशेज के इतिहास में सर डॉन ब्रैडमैन के बाद दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इंग्लैंड के दिग्गज जैक होब्स का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 1930 तक एशेज में 12 शतक लगाए थे। स्मिथ के नाम अब इस ऐतिहासिक प्रतिद्वंद्विता में 13 शतक दर्ज हो गए हैं।

राहुल द्रविड़ से निकले आगे

आपको बता दे कि, स्टीव स्मिथ ने सिडनी में अपने टेस्ट करियर का 37वां टेस्ट शतक पूरा किया। इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने भारतीय दिग्गज राहुल द्रविड़ के 36 टेस्ट शतकों के रिकॉर्ड को पार कर लिया है। अब स्मिथ दुनिया के उन चुनिंदा बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं जिन्होंने टेस्ट प्रारूप में सबसे अधिक बार सौ का आंकड़ा पार किया है। सिडनी के मैदान पर भी यह उनका 5वां व्यक्तिगत शतक है।

जैक होब्स को पछाड़कर बने दूसरे सबसे सफल एशेज स्कोरर

स्मिथ की यह पारी केवल शतकों तक सीमित नहीं रही। उन्होंने एशेज में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में भी जैक होब्स को पीछे छोड़ दिया है। होब्स ने 41 टेस्ट मैचों में 3636 रन बनाए थे, लेकिन स्मिथ ने अपने 41वें टेस्ट में ही रनों और शतकों, दोनों ही पैमानों पर होब्स को पछाड़कर नंबर दो की पोजीशन हासिल कर ली है। अब उनसे आगे केवल महान सर डॉन ब्रैडमैन हैं।

ट्रेविस हेड के बाद स्मिथ ने संभाली पारी

मौजूदा एशेज सीरीज के इस अंतिम मुकाबले में स्टीव स्मिथ शतक लगाने वाले दूसरे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बने। उनसे पहले ट्रेविस हेड ने भी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से शतक जड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुँचाया था। स्मिथ ने अपनी पारी के दौरान 11 दर्शनीय चौके और एक गगनचुंबी छक्का लगाया, जिससे सिडनी का मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा।

स्मिथ की फॉर्म ने बढ़ाई इंग्लैंड की मुश्किलें

स्मिथ के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन ने इंग्लैंड के गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया है। अपनी तकनीक और एकाग्रता के लिए मशहूर स्मिथ ने जिस तरह से 165 गेंदों का सामना किया, उसने सिडनी टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की पकड़ को बेहद मजबूत बना दिया है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि स्मिथ की यह फॉर्म आने वाले समय में कई और बड़े रिकॉर्ड्स को खतरे में डाल सकती है।

हरभजन सिंह का बांग्लादेश पर कड़ा हमला: ‘भारत में स्वागत, लेकिन वहां जो हुआ…!’