SRH vs RR: आईपीएल 2026 के 21वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को 57 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। 13 अप्रैल को खेले गए इस मुकाबले में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया और फिर घातक गेंदबाजी के दम पर राजस्थान को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
IPL 2026: चेन्नई और गुजरात के मैच के शेड्यूल में बड़ा बदलाव, बीसीसीआई का एलान
ईशान किशन और क्लासेन की दमदार बल्लेबाजी
हैदराबाद की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही। ओपनर अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि ट्रेविस हेड भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और 18 गेंदों में सिर्फ 18 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए ईशान किशन ने पारी को संभाला और शानदार अंदाज में रन बनाना शुरू किया। उन्होंने 44 गेंदों में 91 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 6 छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
उन्हें हेनरिक क्लासेन का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 26 गेंदों में 40 रन बनाए। इसके अलावा नितीश कुमार रेड्डी ने 13 गेंदों में 28 रन और सलील अरोरा ने नाबाद 24 रन बनाकर टीम का स्कोर 216 रन तक पहुंचाया।
प्रफुल्ल हिंगे का कहर, राजस्थान की खराब शुरुआत
217 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। हैदराबाद के तेज गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे ने पहले ही ओवर में तीन बड़े झटके देकर मैच का रुख बदल दिया। उनकी शानदार गेंदबाजी के सामने वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और लहुआन-ड्रे प्रेटोरियस बिना खाता खोले ही आउट हो गए। इसके बाद टीम दबाव में आ गई और उबर नहीं सकी।
राजस्थान की पारी लड़खड़ाई
दूसरे ओवर में डेब्यू कर रहे साकिब हुसैन ने यशस्वी जायसवाल को आउट कर राजस्थान की मुश्किलें और बढ़ा दीं। जायसवाल सिर्फ 1 रन ही बना सके। इसके बाद रियान पराग भी कुछ खास नहीं कर सके और 4 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि रवींद्र जडेजा ने पारी को संभालने की कोशिश की और 32 गेंदों में 45 रन बनाए। डोनोवन फेरेरा ने भी 44 गेंदों में 69 रन की अच्छी पारी खेली, लेकिन शुरुआती झटकों के कारण टीम लक्ष्य के करीब नहीं पहुंच सकी और अंततः हार का सामना करना पड़ा।
गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन
हैदराबाद की जीत में गेंदबाजों की अहम भूमिका रही। प्रफुल्ल हिंगे ने 4 ओवर में 34 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं साकिब हुसैन ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। कुल मिलाकर, हैदराबाद ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए राजस्थान को एकतरफा मुकाबले में हराया और टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली।









