Ajendra Lodhi on PM Modi: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में सोमवार को उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया जब समाजवादी पार्टी के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक बड़ी मर्यादा लांघी गई। हमीरपुर-महोबा संसदीय क्षेत्र से सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध अत्यंत अमर्यादित और अशोभनीय शब्दावली का प्रयोग किया। कलेक्ट्रेट परिसर में हुए इस वाकये का वीडियो वायरल होते ही भारतीय जनता पार्टी ने इसे देश के सर्वोच्च पद का अपमान बताते हुए मोर्चा खोल दिया है।
सपा का कलेक्ट्रेट प्रदर्शन
बताते चले कि, सोमवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बिजली कटौती, स्मार्ट मीटर की विसंगतियों और आसमान छूती महंगाई के विरोध में कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। सांसद अजेंद्र सिंह लोधी और जिलाध्यक्ष शोभा लाल यादव की अगुवाई में कार्यकर्ता राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन देने पहुंचे थे। इस दौरान सांसद ने वर्तमान सरकार पर जनता की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि फसल बीमा में बड़े घोटाले हो रहे हैं और स्वास्थ्य व शिक्षा विभाग पूरी तरह चरमरा चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल अपना बजट भरने में लगी है और आम आदमी की मूलभूत सुविधाओं से उसे कोई सरोकार नहीं है।
प्रधानमंत्री के खिलाफ विवादास्पद टिप्पणी
आपको बता दे कि, मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान सांसद अजेंद्र सिंह लोधी अपना आपा खो बैठे और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपशब्दों और गालियों का प्रयोग किया। उन्होंने केंद्र सरकार पर बंगाल चुनाव में धांधली और ईवीएम (EVM) बदलने जैसे गंभीर आरोप भी मढ़े। सांसद ने कहा कि यह सरकार पुलिस बल और सीआरपीएफ के दम पर डर का माहौल पैदा कर रही है। पीएम की विदेश यात्राओं पर तंज कसते हुए उन्होंने बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जिसे बीजेपी ने भारतीय लोकतंत्र की गरिमा पर गहरा आघात बताया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कड़ी प्रतिक्रिया
सांसद के इस व्यवहार पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर तीखा पलटवार किया। मुख्यमंत्री ने इस टिप्पणी को ‘अक्षम्य’ करार देते हुए कहा कि यह कृत्य राजनीतिक कुसंस्कार और वैचारिक दिवालियापन का प्रतीक है। सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता के प्रति ऐसी असंसदीय भाषा का प्रयोग 145 करोड़ भारतीयों के जनादेश का अपमान है। उन्होंने सपा की इस कार्यशैली को सार्वजनिक जीवन की शालीनता के प्रति अनादर बताया।
बीजेपी नेताओं की घेराबंदी
सांसद की इस ओछी बयानबाजी के बाद भाजपा के दिग्गज नेताओं ने भी हमला बोला। गोरखपुर सांसद रवि किशन ने इसे सपा की वास्तविक मानसिकता बताते हुए अजेंद्र लोधी से तत्काल माफी की मांग की है। वहीं, हमीरपुर बीजेपी अध्यक्ष कुलदीप निषाद ने इसे ‘सड़क छाप’ भाषा करार देते हुए चेतावनी दी है कि जब तक सांसद के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। भाजपा नेताओं का कहना है कि नीतियों की लड़ाई में व्यक्तिगत गाली-गलौज के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए।










