Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सोनभद्र के थाना म्योरपुर क्षेत्र के ग्राम किरवानी स्थित जंगल में मिट्टी निकालने के दौरान अचानक मिट्टी का टीला ढह गया। इस हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
पांच महिलाएं कर रही थीं मिट्टी की खुदाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, होली के त्योहार से पहले घर की पुताई के लिए गांव की पांच महिलाएं जंगल में मिट्टी लेने गई थीं। वे एक मिट्टी के टीले की खुदाई कर रही थीं, तभी अचानक टीला भरभराकर गिर पड़ा और सभी महिलाएं उसके नीचे दब गईं। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
रेस्क्यू ऑपरेशन में दो महिलाएं बचाई गईं
सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम ने संयुक्त रूप से अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दो महिलाओं को गंभीर हालत में मिट्टी के नीचे से बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हालांकि, तीन महिलाओं को बचाया नहीं जा सका और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया है।
मृतकों की पहचान, परिवारों में मचा कोहराम
हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान सदिकुनिशा, अनिशा खातून और सीता के रूप में हुई है। वहीं, फूल कुमारी और नजीमुन्न निशा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना की खबर मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन मौके पर पहुंच गए। परिवारों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा उपायों की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी
सोनभद्र के पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि सुबह डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम किरवानी में कुछ महिलाएं मिट्टी के नीचे दब गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि मिट्टी का टीला धंसने से पांच महिलाएं दब गई थीं, जिनमें से तीन की मौत हो गई और दो को सुरक्षित बचा लिया गया। रेस्क्यू टीम ने पूरे क्षेत्र की जांच कर ली है और अब मिट्टी के नीचे किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की आशंका नहीं है।
भविष्य में सुरक्षा के लिए कदम उठाने की तैयारी
पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि यदि आसपास ऐसे अन्य स्थान हैं, जहां महिलाएं या ग्रामीण मिट्टी लेने जाते हैं, तो उनकी पहचान कर सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ढीली और असुरक्षित मिट्टी वाले स्थानों पर खुदाई करते समय सावधानी बरतें। यह हादसा त्योहार की तैयारियों के बीच एक बड़ा दुखद घटना बनकर सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
Read More; North Korea: किम जोंग की नई ‘मौत की मशीन’, 600mm रॉकेट जो मिनटों में लाएगा तबाही!









