Punjab Train Explosion: पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद इलाके में शुक्रवार देर रात एक भीषण विस्फोट ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। खानपुर फाटक के पास स्थित नई रेलवे लाइन पर हुए इस धमाके को मालगाड़ी को निशाना बनाने की एक बड़ी आतंकी साजिश के तौर पर देखा जा रहा है।
‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ की थीम पर उत्तर प्रदेश दिवस-2026 कार्यक्रम का शनिवार से आयोजन
रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक हमला
बताते चले कि, शुक्रवार रात करीब 11 बजे जब एक मालगाड़ी सरहिंद के नवनिर्मित ट्रैक से गुजर रही थी, तभी एक जोरदार विस्फोट हुआ। यह धमाका इतना शक्तिशाली था कि मालगाड़ी का इंजन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि ट्रैक पर RDX जैसे घातक विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया था। धमाके के कारण रेल की पटरियों के परखच्चे उड़ गए और इंजन का अगला हिस्सा पूरी तरह तबाह हो गया।
लोको पायलट गंभीर रूप से घायल
आपको बता दे कि, इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में मालगाड़ी का चालक (लोको पायलट) गंभीर रूप से जख्मी हो गया। विस्फोट की तीव्रता के कारण चालक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरी चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद घायल चालक को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। गनीमत यह रही कि मालगाड़ी खाली थी और यह लाइन अभी ट्रायल पर थी, अन्यथा कोई बड़ी जनहानि हो सकती थी।
आतंकी साजिश की आशंका और फॉरेंसिक टीम द्वारा जांच
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने इस धमाके को एक सुनियोजित आतंकवादी हमला या बड़ी साजिश के रूप में लेना शुरू कर दिया है। धमाके के बाद रेलवे के उच्च अधिकारी और पंजाब पुलिस की भारी नफरी मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं ताकि इस्तेमाल किए गए बारूद की प्रकृति का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि पटरी का लगभग 3 से 4 फीट का हिस्सा पूरी तरह नष्ट हो गया है, जो इस हमले की भयावहता को दर्शाता है।
पंजाब की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस घटना ने राज्य की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों और रेलवे ट्रैक पर धमाके होना पंजाब को अस्थिर करने की कोशिश है। उन्होंने इसे एक सामान्य अपराध मानने से इनकार करते हुए राज्य सरकार की विफलता पर सवाल उठाए और पूछा कि इस अराजकता के पीछे असली मास्टरमाइंड कौन है।
आर्थिक कॉरिडोर को निशाना बनाने का प्रयास
जिस ट्रैक पर यह धमाका हुआ, वह माल परिवहन के लिए विशेष रूप से बनाई गई नई लाइन है। यह पंजाब की अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना राज्य में भय का माहौल पैदा करने की एक गहरी साजिश का हिस्सा हो सकता है। फिलहाल, पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और दोषियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी जारी है।
3.56 करोड़ श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी, दशकों का टूटा रिकॉर्ड










