Shubman Gill: आईपीएल 2026 (IPL 2026) के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में गुजरात टाइटंस के कप्तान और स्टार ओपनर शुभमन गिल ने बल्ले से वो गदर मचाया, जिसकी गूंज लंबे समय तक क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में रहेगी। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए इस करो या मरो वाले मुकाबले में गिल ने न सिर्फ एक ऐतिहासिक शतकीय पारी खेली, बल्कि अपनी टीम को शान से फाइनल का टिकट भी दिला दिया। इस धमाकेदार जीत के बाद मैदान पर एक ऐसा भावुक और खूबसूरत नजारा देखने को मिला, जिसने सोशल मीडिया पर सभी का दिल जीत लिया है। शुभमन गिल की इस कामयाबी पर स्टैंड्स में बैठे उनके पिता लखविंदर सिंह गिल की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उनका अनोखा सेलिब्रेशन अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कप्तानी छोड़ने के बाद संकट में पंत का भविष्य, LSG कर सकती है रिलीज
सिद्धू मूसेवाला के अंदाज में थापी और मैदान पर ‘भांगड़ा’
जैसे ही शुभमन गिल ने चौका जड़कर अपना शानदार शतक पूरा किया, स्टैंड्स में मौजूद उनके पिता लखविंदर सिंह गिल खुशी से झूम उठे। उन्होंने दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के प्रसिद्ध स्टाइल में अपनी जांघ पर थापी मारकर (Thigh-Five) बेटे के शतक का जश्न मनाया। भावुक कर देने वाली बात यह भी है कि ठीक चार साल पहले (29 मई 2022) इसी दिन सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, ऐसे में पिता का यह ट्रिब्यूट बेहद खास बन गया।
बात यहीं नहीं रुकी; जैसे ही गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर जीत दर्ज की, लखविंदर सिंह अपनी पत्नी के साथ सीधे क्रिकेट ग्राउंड पर उतर आए। बेटे की ऐतिहासिक कप्तानी और खेल से गदगद पिता मैदान पर ही भांगड़ा करने लगे। उन्होंने शुभमन का हाथ पकड़कर उन्हें भी नचाने की कोशिश की, लेकिन शर्मीले स्वभाव के शुभमन मुस्कुराते हुए पिता के गले लग गए और आगे बढ़ गए। स्टेडियम में मौजूद एक प्रशंसक द्वारा रिकॉर्ड किया गया यह पारिवारिक और दिल छू लेने वाला वीडियो अब हर जगह छाया हुआ है।
शुभमन गिल ने कप्तानी पारी से रचे कई अनूठे कीर्तिमान
इस मुकाबले में शुभमन गिल अलग ही लय में नजर आ रहे थे। उन्होंने महज 53 गेंदों का सामना करते हुए 104 रनों की आतिशी पारी खेली, जिसमें उन्होंने 15 शानदार चौके और 3 गगनचुंबी छक्के जड़े। गिल ने अपना शतक सिर्फ 47 गेंदों में पूरा किया, जो आईपीएल के इतिहास में प्लेऑफ (Playoffs) मुकाबलों का सबसे तेज शतक बन गया है।
इस जादुई पारी के साथ ही शुभमन गिल आईपीएल प्लेऑफ में दो शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इसके अतिरिक्त, वह प्लेऑफ मैच में बतौर कप्तान शतक जड़ने वाले भी इतिहास के पहले खिलाड़ी बने हैं। गौरतलब है कि इससे पहले गुजरात टाइटंस हार्दिक पांड्या की कप्तानी में दो बार फाइनल में पहुंची थी, लेकिन गिल ने बतौर कप्तान अपने पहले ही सीजन में टीम को फाइनल में पहुंचाकर अपनी नेतृत्व क्षमता का लोहा मनवा दिया है।
आईपीएल 2026 महामुकाबला
गुजरात टाइटंस की इस एकतरफा जीत के साथ ही अब आईपीएल 2026 के खिताबी मुकाबले की तस्वीर पूरी तरह साफ हो चुकी है। इस सीजन का फाइनल महामुकाबला गुजरात टाइटंस (GT) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला जाएगा।
जहाँ एक तरफ गुजरात टाइटंस ने साल 2022 में अपने डेब्यू सीजन में ही खिताब जीतकर सबको चौंका दिया था, वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पिछले सीजन (2025) में अपना पहला आईपीएल खिताब जीतकर खिताबी सूखा खत्म किया था। अब ये दोनों ही मजबूत टीमें अपने-अपने दूसरे आईपीएल खिताब पर कब्जा जमाने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी। क्रिकेट फैंस को उम्मीद है कि कोहली की आरसीबी और गिल की गुजरात के बीच यह फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है।
सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, विनेश फोगाट चयन ट्रायल्स में ले सकेंगी हिस्सा










