Shubhendu Adhikari PA Murder: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में बुधवार शाम एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई, जिसने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है। भाजपा नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी और निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह हमला मध्यग्राम इलाके में उस समय हुआ जब वह अपनी कार से कहीं जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने पहले उनकी गाड़ी को बीच सड़क पर रोकने की कोशिश की और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में चंद्रनाथ रथ गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनका ड्राइवर भी गोली लगने से जख्मी हुआ। दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान चंद्रनाथ की मौत हो गई।
हमलावरों ने सुनियोजित तरीके से किया हमला
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना को बेहद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि दो वाहन काफी देर से चंद्रनाथ रथ की कार का पीछा कर रहे थे। इनमें एक कार और एक मोटरसाइकिल शामिल थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले एक कार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रास्ता रोका, जिसके तुरंत बाद बाइक सवार बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग कर दी। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। चश्मदीदों ने पुलिस को बताया कि मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी, जिससे आरोपियों की पहचान करना फिलहाल मुश्किल हो रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस जशोर रोड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों तक पहुंचा जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, चंद्रनाथ रथ को शरीर के कई हिस्सों में गोलियां लगी थीं। पुलिस फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और सबूत जुटाए गए। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
शुभेंदु अधिकारी पहुंचे अस्पताल, भाजपा ने लगाए गंभीर आरोप
घटना की जानकारी मिलते ही शुभेंदु अधिकारी अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बाद में उन्होंने चंद्रनाथ रथ की मौत की पुष्टि की। भाजपा नेताओं ने इस हमले को राजनीतिक साजिश बताते हुए तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
भाजपा का कहना है कि पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद राजनीतिक हिंसा लगातार बढ़ रही है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि विपक्षी कार्यकर्ताओं और भाजपा समर्थकों को निशाना बनाया जा रहा है। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस की ओर से इन आरोपों पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
भारत-वियतनाम रिश्तों में मजबूती, 13 समझौते और जल्द ही UPI का फास्ट पेमेंट सिस्टम से कनेक्शन
राज्य में बढ़ती हिंसा से तनावपूर्ण माहौल
इस घटना के अलावा दक्षिण 24 परगना जिले में भी बुधवार को कई जगह हिंसा और तनाव की घटनाएं सामने आईं। कैनिंग क्षेत्र के नारायणपुर इलाके में हालात अचानक बिगड़ गए, जिसके बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
पुलिस ने केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ मिलकर सर्च ऑपरेशन चलाया और कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया। इससे एक दिन पहले नारायणपुर ग्राम पंचायत के प्रधान के कार्यालय से बड़ी मात्रा में धारदार हथियार बरामद किए गए थे।
लगातार सामने आ रही हिंसक घटनाओं के कारण पश्चिम बंगाल का राजनीतिक माहौल बेहद गर्म हो गया है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।










