
Shiva Sharma Murder Case : लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में मुख्य आरोपी बताई जा रहीं मॉडल श्रद्धा दुबे नौ दिन बाद मीडिया के सामने आई हैं। समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में श्रद्धा ने खुद को निर्दोष बताते हुए अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया। उन्होंने सवाल उठाया कि वह शिवा की हत्या क्यों करेंगी, जबकि दोनों करीब चार महीने से साथ रह रहे थे। श्रद्धा के मुताबिक, शिवा उनका करीबी था और वह उसे नुकसान पहुंचाने के बारे में सोच भी नहीं सकती थीं।
श्रद्धा का दावा- शिवा ने बालकनी से लगाई छलांग
श्रद्धा दुबे ने दावा किया कि शिवा शर्मा आर्थिक परेशानियों और कर्ज के कारण मानसिक तनाव में था। उनके मुताबिक, शिवा ने उनके फ्लैट की बालकनी से छलांग लगाकर जान दी। श्रद्धा ने कहा कि उन्होंने शिवा को बालकनी से नीचे कूदते हुए अपनी आंखों से देखा, लेकिन चाहकर भी उसे बचा नहीं सकीं। हालांकि, ये श्रद्धा के अपने दावे हैं। मामले में पुलिस की जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

हजरतगंज कोतवाल लाइन हाजिर, पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
इस मामले में नौ दिन बाद भी श्रद्धा का पता लगाने में पुलिस को सफलता नहीं मिलने के बीच विभागीय कार्रवाई शुरू होने की खबर है। हजरतगंज थाने के प्रभारी विक्रम सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि मामले की जांच और पुलिस की कार्यशैली को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अन्य पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई हो सकती है। श्रद्धा इससे पहले सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर रही थीं, लेकिन मीडिया के सामने आकर बयान देने का यह उनका पहला मौका बताया जा रहा है।
शिवा की मां पर लगाए झूठे आरोप लगाने के आरोप
मीडिया से बातचीत के दौरान श्रद्धा ने शिवा शर्मा की मां के आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि शिवा उनके साथ रह रहा था और दोनों के बीच करीबी संबंध थे। श्रद्धा का दावा है कि उन्हें इस मामले में गलत तरीके से फंसाया जा रहा है। उन्होंने पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि बहराइच से जुड़ा वीडियो तो सामने लाया गया, लेकिन उनकी सोसायटी की सीसीटीवी फुटेज अब तक नहीं निकाली गई। श्रद्धा के अनुसार, सोसायटी की रिकॉर्डिंग सामने आने पर उनकी बात स्पष्ट हो सकती है।

शिवा पर 16 से 17 लाख रुपये का कर्ज होने का दावा
श्रद्धा दुबे ने दावा किया कि शिवा शर्मा पर करीब 16 से 17 लाख रुपये का कर्ज था और कर्ज देने वाले लोग लगातार उससे पैसे मांग रहे थे। उनके मुताबिक, आर्थिक दबाव के बीच शिवा ने उनसे भी कुछ रकम उधार मांगी थी। श्रद्धा ने घर से लाखों रुपये के जेवर चोरी होने के आरोप पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि करीब छह से सात लाख रुपये के जेवर शिवा ने लिए थे और एक वीडियो में उन्हें वापस करने की बात भी कही थी। उन्होंने इसे निजी मामला बताया। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
फरारी की वजह बताई, स्वास्थ्य और सदमे का किया जिक्र
श्रद्धा ने नौ दिनों तक सामने नहीं आने की वजह बताते हुए कहा कि वह स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों और घटना के बाद लगे सदमे से गुजर रही थीं। उनके अनुसार, ड्राइवर के साथ मारपीट और हत्या के आरोपों की बात सुनकर वह घबरा गई थीं। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी बहन को मामले में बेवजह घसीटा गया, जबकि उसका घटना से कोई संबंध नहीं है। श्रद्धा ने कहा कि किसी व्यक्ति के साथ उनकी तस्वीर होने मात्र से अपराध में शामिल होने का निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। अब उनके बयानों और पुलिस जांच के नतीजों पर नजर रहेगी।











