Shivraj Singh Chouhan: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के परिवार में खुशियों का माहौल है। उनके घर नन्ही परी के आगमन से रौनक बढ़ गई है। शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान और बहू अमानत माता-पिता बन गए हैं। परिवार में बेटी के जन्म से हर तरफ उत्साह और भावनाओं का सैलाब देखने को मिला।
सोशल मीडिया पर शेयर की खुशी
शिवराज सिंह चौहान ने इस खुशी के पल को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक भावुक वीडियो के जरिए साझा किया। वीडियो में परिवार के सदस्यों की खुशी, भावनाएं और आस्था साफ झलकती है। उन्होंने अपनी पोती का नाम इला बताया और बेटी के जन्म को ईश्वर का आशीर्वाद बताया।
“लाडली लक्ष्मी आई है हमारे घर” – शिवराज सिंह चौहान
पोस्ट में शिवराज सिंह चौहान ने लिखा कि उनके घर “लाडली लक्ष्मी” का आगमन हुआ है। उन्होंने पूरे परिवार का परिचय देते हुए भावुक अंदाज में बताया कि कार्तिकेय पिता बने हैं, अमानत मां बनी हैं, उनकी पत्नी साधना सिंह (कोकिला) अब दादी बन गई हैं और वे स्वयं दादा। साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों—कुणाल, ऋद्धि, अनुपम, रुचिता और आर्यन—का भी जिक्र किया। उन्होंने यह भी लिखा कि वर्ष 2025 में उनके घर दो बेटियां आई थीं और 2026 की शुरुआत में फिर से बेटी इला का शुभ आगमन हुआ है, जिसे उन्होंने देवी लक्ष्मी का स्वरूप बताया।
वीडियो में दिखा भावुक पल
जो वीडियो साझा किया गया है, उसमें अस्पताल का दृश्य दिखाई देता है। एक डॉक्टर नवजात बच्ची को गोद में लेकर परिवार के पास लाते हैं। जैसे ही कार्तिकेय सिंह अपनी बेटी को देखते हैं, वे भावुक हो जाते हैं और माला पहन लेते हैं। परिवार के सभी सदस्य इस खास पल के साक्षी बनते हैं।
पिता की गोद में आई बेटी, चेहरे पर खिली मुस्कान
डॉक्टर जब बच्ची को पिता की गोद में सौंपते हैं, तो कार्तिकेय सिंह की आंखों में खुशी और गर्व साफ नजर आता है। वहां मौजूद मेडिकल स्टाफ जब पूछता है कि “कौन आई है?”, तो वे मुस्कुराते हुए जवाब देते हैं—“इला आई है।” यह सुनते ही पूरे कमरे में खुशियों की लहर दौड़ जाती है।
दादा ने कान में पढ़ा गायत्री मंत्र
वीडियो का सबसे भावुक और खास पल तब आता है, जब शिवराज सिंह चौहान अपनी नन्ही पोती को गोद में लेकर उसके कान में गायत्री मंत्र का जाप करते हैं। यह पल परिवार की आस्था, संस्कार और परंपरा को दर्शाता है, जिसने लोगों के दिलों को छू लिया।
Delhi Parking Charges: प्रदूषण रोकने दिल्ली में पार्किंग महंगी, GRAP नियम अब सख्त
सोशल मीडिया पर मिल रही बधाइयां
वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लग गया। समर्थक, नेता और आम लोग शिवराज सिंह चौहान और उनके परिवार को शुभकामनाएं दे रहे हैं। लोग बच्ची के उज्ज्वल भविष्य और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं।










