UP Politics: ‘खुद अपनी सीट हारने वाले मौर्य क्या सपा तोड़ेंगे?’, शिवपाल यादव का डिप्टी सीएम पर तीखा पलटवार

समाजवादी पार्टी के सांसदों में टूट के दावे पर यूपी की सियासत गरमा गई है। सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर तीखा पलटवार करते हुए उन्हें 'झूठा' करार दिया है। शिवपाल ने मौर्य की पुरानी चुनावी हार याद दिलाते हुए कहा कि सपा पूरी तरह एकजुट है और 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाएगी।

UP Politics

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जून 17, 2026

UP Politics: उत्तर प्रदेश के सियासी अखाड़े में समाजवादी पार्टी के सांसदों में बड़ी टूट के दावे पर राजनीति का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा किए गए सनसनीखेज दावे पर कड़ा ऐतराज जताते हुए सपा के कद्दावर नेता शिवपाल सिंह यादव ने सीधे और बेहद तीखे हमले किए हैं। शिवपाल यादव ने डिप्टी सीएम के दावों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें सरेआम ‘झूठा’ करार दिया है, जिससे सूबे की राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।

शिवपाल सिंह यादव का तीखा हमला

आपको बता दे कि, कानपुर पहुंचे शिवपाल सिंह यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम के बयानों की धज्जियां उड़ा दी। उन्होंने केशव प्रसाद मौर्य के पुराने चुनावी रिकॉर्ड का हवाला देते हुए उन पर तंज कसा। शिवपाल यादव ने कहा, “केशव प्रसाद मौर्य पूरी तरह से झूठे हैं। जो व्यक्ति खुद अपनी सिराथू विधानसभा सीट पर बुरी तरह चुनाव हार गया था, वह आज समाजवादी पार्टी के सांसदों को तोड़ने के खोखले और काल्पनिक दावे कर रहा है।” सपा नेता ने स्पष्ट किया कि पार्टी के भीतर कोई मतभेद नहीं है और सभी नेता व सांसद पूरी तरह से एकजुट हैं।

2027 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद

वहीं, आगामी रणनीतियों और उत्तर प्रदेश के भविष्य पर बात करते हुए शिवपाल सिंह यादव ने दावा किया कि सूबे की जनता इस समय मौजूदा सरकार से त्रस्त है और बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) और सवर्णों की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा, “समाजवादी पार्टी समाज के सभी वर्गों को एक साथ लेकर चल रही है। हम हर तबके को जोड़कर आगामी चुनाव में उतरेंगे।” उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ ऐलान किया कि साल 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी भारी बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश की सत्ता में वापसी करने जा रही है।

केशव मौर्य के दावे पर पलटवार से गरमाई सूबे की सियासत

गौरतलब है कि इस पूरे विवाद की शुरुआत डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के उस बयान से हुई थी, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि समाजवादी पार्टी के 25 से 26 सांसद पाला बदलने के लिए तैयार बैठे हैं। मौर्य के इस बयान के बाद से ही कयासों का बाजार गर्म था, लेकिन अब शिवपाल यादव के इस करारे और आक्रामक पलटवार ने साफ कर दिया है कि उत्तर प्रदेश में चुनाव से काफी पहले ही ‘दावों और प्रति-दावों’ का एक बेहद दिलचस्प और तीखा सियासी दौर शुरू हो चुका है, जो आने वाले दिनों में और ज्यादा आक्रामक होने वाला है।