Shiva Sharma Case: शिवा शर्मा हत्याकांड में नया मोड़! श्रद्धा, रश्मि और तनवीर के खातों की पड़ ताल

लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में हजरतगंज पुलिस ने जांच तेज कर दी है। आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर तनवीर की संपत्तियों और बैंक खातों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। पुलिस जल्द क्राइम सीन रीक्रिएशन कराकर हत्या या आत्महत्या के पहलू की जांच करेगी।

Shiva Sharma Case

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अक्टूबर 28, 2026

Advertisements
728x90-Pension-Mission-Shakti-Digital

Shiva Sharma Case: लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में हजरतगंज पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस अब आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश उर्फ तनवीर की संपत्तियों का ब्योरा जुटा रही है। इसके साथ ही तीनों के बैंक खातों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने कई बैंकों को पत्र भेजकर खातों से जुड़ी जानकारी मांगी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनके खातों में कितनी रकम है और पैसों का लेनदेन किस तरह हुआ है।

श्रद्धा दुबे के बैंक खातों में लाखों रुपये, पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

श्रद्धा दुबे के बैंक खातों में लाखों रुपये, पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

जांच के दौरान सामने आया है कि श्रद्धा दुबे के फरार रहने के दौरान पुलिस ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) में मौजूद उसके एक खाते को फ्रीज कराया था। बताया जा रहा है कि इस खाते में करीब छह लाख रुपये जमा थे। इसके अलावा सहारनपुर पुलिस ने भी उसके एक दूसरे बैंक खाते को फ्रीज कराया था। अब हजरतगंज पुलिस श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर तनवीर के दूसरे बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही रायबरेली और दूसरे शहरों में श्रद्धा की संपत्तियों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों के नाम पर कहां-कहां संपत्ति है और उनके आर्थिक लेनदेन से मामले में कोई अहम सुराग मिलता है या नहीं।

चार दिन बाद जेल में हुई मुलाकात, अधिवक्ता ने आरोपियों से की बातचीत

शिवा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर तनवीर को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेजा था। श्रद्धा और रश्मि को महिला जेल में रखा गया, जबकि तनवीर को अलग रखा गया। अब चार दिन बाद श्रद्धा के अधिवक्ता उनसे मिलने जेल पहुंचे। जेल के मुलाकाती कक्ष में श्रद्धा, रश्मि और तनवीर को बुलाया गया। तीनों की मुलाकात जेल के नियमों के मुताबिक जाली के बीच से कराई गई। इस दौरान अधिवक्ता ने मामले से जुड़े कई बिंदुओं पर उनसे बातचीत की। बताया जा रहा है कि मुलाकात के दौरान तनवीर भावुक हो गया और रोने लगा।

728x90-Pension-Mission-Shakti-Digital

शिवा शर्मा की मौत का सच जानने के लिए होगा क्राइम सीन रीक्रिएशन

शिवा शर्मा की मौत का सच जानने के लिए होगा क्राइम सीन रीक्रिएशन

पुलिस इस मामले में इसी हफ्ते घटनास्थल का क्राइम सीन रीक्रिएशन कराने की तैयारी कर रही है। इसके लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला की मदद से मेडिकोलीगल और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम तैयार की जा रही है। जांच में इस प्रक्रिया को काफी अहम माना जा रहा है। पुलिस विशेषज्ञों की मदद से यह समझने की कोशिश करेगी कि घटना के समय वहां क्या परिस्थितियां थीं और शिवा चौथी मंजिल से कैसे गिरे। क्राइम सीन रीक्रिएशन और फोरेंसिक जांच से यह पता लगाने में मदद मिल सकती है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। हालांकि, मौत की असल वजह जांच पूरी होने और जरूरी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

चौथी मंजिल से गिरकर हुई थी कारोबारी की मौत

यह पूरा मामला लखनऊ के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट का है। 9 अक्टूबर की रात यहां चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने से चिकन कारोबारी और कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। शिवा अलीगंज के कपूरथला इलाके में रहते थे। बताया गया कि वह करीब एक साल से मॉडल श्रद्धा दुबे के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।

शिवा की मां रंजना ने श्रद्धा पर बेटे को झूठे मुकदमे में फंसाने, सिगरेट से जलाने और माफिया समेत कई नामचीन लोगों से धमकी दिलवाने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। मां की शिकायत पर हजरतगंज कोतवाली में श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। अब पुलिस बैंक खातों, संपत्तियों और फोरेंसिक साक्ष्यों की जांच के साथ मामले में कथित मददगार आमिर समेत अन्य लोगों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में नए खुलासे होने की उम्मीद है।