PM Modi Apology: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे शहजाद पूनावाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 31 जुलाई वाले वीडियो संदेश पर एक वीडियो जारी कर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पीएम मोदी की कार्यशैली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 12 साल सत्ता में रहने के बाद भी उन्हें ठीक से ‘तानाशाह’ (डिक्टेटर) बनना नहीं आ रहा है।
“प्रधानमंत्री को ठीक से तानाशाह बनना नहीं आ रहा”
बताते चले कि, शहजाद पूनावाला ने अपने वीडियो में कहा कि जब सोशल मीडिया पर संवैधानिक पदों और प्रधानमंत्री की माताजी के खिलाफ अपमानजनक और अभद्र टिप्पणियां करने वाले बच्चों की बात आई, तो पीएम मोदी ने उन्हें केवल ‘शरारती बच्चे’ करार दिया और सार्वजनिक रूप से समाज तथा पुलिस से उन्हें माफ करने की अपील कर दी। पूनावाला ने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री एक दशक से अधिक समय से सरकार में हैं, लेकिन वे उस तरह के तानाशाह साबित नहीं हुए जैसी विपक्ष द्वारा अक्सर उनकी छवि गढ़ी जाती है।
कांग्रेस के इतिहास और आपातकाल पर निशाना
विपक्ष द्वारा पीएम मोदी को ‘तानाशाह’ कहे जाने के आरोपों का करारा जवाब देते हुए पूनावाला ने कहा कि असली तानाशाही और आपातकाल क्या होता है, यह कांग्रेस पार्टी के इतिहास से सीखना चाहिए। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के कार्यकाल का हवाला देते हुए अभिव्यक्ति की आजादी पर रोक, संसद में आवाज दबाए जाने और आपातकाल के दौरान हुई ज्यादतियों का जिक्र किया। उन्होंने असम के ‘आसू’ आंदोलन, गुजरात के ‘नवनिर्माण आंदोलन’ और 2011-13 के ‘अन्ना आंदोलन’ का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में हजारों प्रदर्शनकारियों और छात्रों पर निर्मम पुलिस कार्रवाई की गई थी।
विपक्षी शासित राज्यों में कार्रवाई का आरोप
पूनावाला ने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि तेलंगाना, कर्नाटक और केरल जैसे विपक्षी शासित राज्यों में सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वाले प्रदर्शनकारियों, छात्रों और सोशल मीडिया पोस्ट करने वालों पर सख्त कानूनी धाराएं लगाकर एफआईआर (FIR) दर्ज की जा रही हैं। उन्होंने केरल का उदाहरण देते हुए दावा किया कि वहां राहुल गांधी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले इंस्टाग्राम यूजर्स और अन्य लोगों के खिलाफ तुरंत मामले दर्ज किए गए हैं, जो असल तानाशाही का उदाहरण है।
एक्स (Twitter) बायो बदलने पर सियासी अटकलें तेज
इस बीच, शहजाद पूनावाला के राजनीतिक भविष्य को लेकर कयासों का बाजार गर्म हो गया है। हाल ही में उन्होंने अपने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) हैंडल का बायो बदल लिया है, जिससे उनके पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं। अपडेटेड बायो में उन्होंने बीजेपी या राष्ट्रीय प्रवक्ता पद का कोई उल्लेख नहीं किया है। अपने नए बायो में उन्होंने लिखा है— ”धर्म – इस्लाम, संस्कृति – हिंदू, विचारधारा – भारतीय, लेखक: जीएसटी की यात्रा; प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आजीवन अनुयायी।” हालांकि, इस फेरबदल पर न तो खुद पूनावाला और न ही पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि या बयान सामने आया है।










