Share Market Today: आज सेंसेक्स और निफ्टी में मजबूती, निवेशकों में उत्साह

आज शेयर बाजार में तेजी देखी गई; सेंसेक्स 65 अंक बढ़कर 84,339 और निफ्टी 40 अंकों की बढ़त के साथ 25,975 पर खुला।

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

फ़रवरी 11, 2026

Share Market Today: बुधवार, 11 फरवरी 2026 को भारतीय शेयर बाजार ने सकारात्मक शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में दोनों बेंचमार्क इंडेक्स में बढ़त देखने को मिली। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 65 अंक की तेजी के साथ 84,339 पर पहुंच गया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 40 अंकों की उछाल के साथ 25,975 पर कारोबार करता दिखा। शुरुआती कारोबार में निवेशकों में जोश साफ नजर आया, जिससे बाजार में हलचल बनी रही।

Stocks to Watch: 11 फरवरी को इन 16 शेयरों पर रखें नजर, फायदें के मौके

कंपनियों का प्रदर्शन

Share Market Today
सेंसेक्स और निफ्टी में मजबूती

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में टाइटन ने 3% की बढ़त के साथ सबसे अच्छा प्रदर्शन किया। इसके बाद टाटा स्टील और पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन में 1-1% की तेजी दर्ज की गई। वहीं, बैंकिंग सेक्टर में कुछ गिरावट देखी गई, जिसमें एक्सिस बैंक, ICICI बैंक और HDFC बैंक के शेयर नीचे आए। ब्रॉडर मार्केट में भी सुधार देखने को मिला। BSE मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स ने क्रमशः 0.1% और 0.2% की बढ़त हासिल की।

एशियाई बाजारों में तेजी

एशियाई बाजारों में बुधवार सुबह तेजी का माहौल रहा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 0.1% बढ़ा, वहीं स्मॉल-कैप कोस्डैक 0.33% ऊपर कारोबार कर रहा था। हांगकांग का हैंग सेंग फ्यूचर्स 27,260 पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद स्तर 27,183.15 से अधिक था। जापान में बाजार सार्वजनिक अवकाश के कारण बंद रहे। यह दिन नेशनल फाउंडेशन डे के रूप में मनाया जाता है, जो जापान के पहले सम्राट जिम्मू के राज्याभिषेक और देश की स्थापना की याद में होता है।

वॉल स्ट्रीट का हाल

मंगलवार को अमेरिकी शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली। S&P 500 इंडेक्स 0.33% फिसलकर 6,941.81 पर बंद हुआ, जबकि नैस्डैक कंपोजिट 0.59% की गिरावट के साथ 23,102.47 पर बंद हुआ। इसके विपरीत डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज ने 0.10% या 52.27 अंक की बढ़त के साथ 50,188.14 के रिकॉर्ड लेवल पर बंद किया। अमेरिकी रिटेल सेल्स के कमजोर आंकड़े अमेरिकी बाजार में दबाव का कारण बने।

MSCI फरवरी 2026 रिव्यू

फरवरी 2026 में MSCI (Morgan Stanley Capital International) ग्लोबल स्टैंडर्ड इंडेक्स के अपडेट में आदित्य बिड़ला कैपिटल और L&T फाइनेंस को शामिल किया गया है। वहीं, IRCTC को इस इंडेक्स से बाहर रखा गया। अब इस इंडेक्स में भारतीय कंपनियों की संख्या 164 से बढ़कर 165 हो जाएगी।

MSCI इंडेक्स में शामिल होना किसी भी कंपनी के लिए पॉजिटिव संकेत माना जाता है। इससे उसके शेयरों पर निवेशकों का भरोसा बढ़ता है, विदेशी निवेश आकर्षित होता है और लिक्विडिटी में सुधार आता है। यह रिव्यू हर तीन महीने में होती है और इसमें कंपनियों की मार्केट कैप, ट्रेडिंग वॉल्यूम और फ्री-फ्लोट यानी पब्लिक के लिए शेयरों की उपलब्धता के आधार पर बदलाव किया जाता है।

Gold Price Today: सोना हुआ महंगा, चांदी में आई गिरावट; देखें आज का गोल्ड रेट

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ़ सूचना हेतु दी जा रही है. यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है. निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें. प्राइम टीवी इंडिया इस पर दावा नहीं करता है ना ही किसी बात पर सत्यता का प्रमाण देता है।