Share Market Today: हफ्ते की शुरुआत में बाजार हुआ कमजोर, सेंसेक्स और निफ्टी में बिकवाली का दबाव

भारतीय शेयर बाजार सोमवार को गिरावट के साथ खुला, शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में 0.3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

जनवरी 19, 2026

Share Market Today: हफ्ते के पहले दिन यानी सोमवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ खुला। प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ने शुरुआती कारोबार में नुकसान दर्ज किया। सेंसेक्स 0.3 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83,494 के स्तर पर खुला, जबकि निफ्टी 25,600 पर खुला और इसमें भी शुरुआती कारोबार में 0.3 प्रतिशत की गिरावट आई।

इस दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL), ICICI बैंक, विप्रो, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स और सिप्ला जैसे बड़े स्टॉक्स में बिकवाली का दबाव देखने को मिला। इन कंपनियों के शेयरों में उतार-चढ़ाव ने पूरे बाजार पर नकारात्मक असर डाला।

शेयर बाजार में वापसी या और गिरावट? बजट 2026 से पहले Q3 नतीजे तय करेंगे दिशा

ट्रंप की नीतियों का वैश्विक असर

Share Market Today
हफ्ते की शुरुआत में बाजार हुआ कमजोर

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट डॉ. वीके विजयकुमार के अनुसार, आने वाले दिनों में वैश्विक शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। उनका कहना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों का अंतरराष्ट्रीय व्यापार और वैश्विक आर्थिक विकास पर असर देखने को मिलेगा।

डॉ. विजयकुमार ने बताया कि अगर ट्रंप अपने निर्णयों के अनुसार 1 फरवरी को आठ यूरोपीय देशों पर 10 प्रतिशत टैरिफ लगाते हैं और 1 जून से इसे बढ़ाकर 25 प्रतिशत कर देते हैं, तो यूरोपीय देशों की तरफ से जवाबी कार्रवाई की संभावना लगभग तय है। यह वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता भारतीय शेयर बाजार पर भी असर डाल रही है।

एशियाई और अमेरिकी बाजार का हाल

सोमवार को एशियाई बाजारों में मिला-जुला प्रदर्शन देखा गया। जापान का निक्केई 225 0.85 प्रतिशत गिरा, जबकि टॉपिक्स 0.46 प्रतिशत नीचे आया। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.18 प्रतिशत बढ़ा, जबकि कोस्डैक 0.15 प्रतिशत गिरावट के साथ बंद हुआ। ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX 200 भी 0.19 प्रतिशत नीचे आया।

अमेरिकी शेयर बाजार शुक्रवार, 16 जनवरी को फ्लैट नोट पर बंद हुए। S&P 500 0.06 प्रतिशत गिरकर 6,940.01 पर, नैस्डैक कम्पोजिट 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,515.39 पर और डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 83.11 अंक यानी 0.17 प्रतिशत गिरकर 49,359.33 पर बंद हुआ।

विदेशी निवेशकों की बिकवाली

Share Market Today
हफ्ते की शुरुआत में बाजार हुआ कमजोर

विदेशी निवेशक (FII और FPI) 16 जनवरी को भारतीय शेयर बाजार से कुल 4,346 करोड़ रुपये के शेयर बेच चुके हैं। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशक (DII) ने 3,935 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इस बिकवाली और खरीदारी के मिश्रित असर ने बाजार में उतार-चढ़ाव पैदा किया।

रुपया और अमेरिकी डॉलर इंडेक्स

विदेशी करेंसीज के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को मापने वाला यूएस डॉलर इंडेक्स (DXY) सोमवार सुबह 0.30 प्रतिशत गिरकर 99.09 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, 14 जनवरी को रुपया 0.62 प्रतिशत मजबूत होकर डॉलर के मुकाबले 90.86 पर बंद हुआ था।

बजट सरप्राइज: शादीशुदा दंपतियों को मिल सकती है भारी टैक्स छूट