UPITS 2026: उत्तर प्रदेश के शामली जिले के पारंपरिक और स्थानीय उत्पादों को अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने की तैयारी है। ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में शामली के नौ उद्यमी अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। इन उत्पादों में कैराना की मशहूर ‘पलंग तोड़’ मिठाई, गुड़ से बने उत्पाद, खाद्य सामग्री, कृषि उत्पाद और अन्य औद्योगिक वस्तुएं शामिल हैं। इस आयोजन के जरिए स्थानीय कारोबारियों को नए खरीदारों और बाजारों से जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में दिखेगी ‘पलंग तोड़’ मिठाई

बताते चले कि, ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एवं मार्ट में 25 से 29 सितंबर 2026 तक यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन किया जा रहा है। इसमें उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के उद्योग, कृषि, चिकित्सा, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। आयोजन में 80 से अधिक देशों के खरीदारों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में शामली के उत्पादों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बनाने का यह महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
कैराना की प्रसिद्ध मिठाई और गुड़ उत्पादों का होगा प्रदर्शन
आपको बता दे कि, शामली से ट्रेड शो में शामिल होने वाले उद्यमियों में कैरियर व्हील्स के एमडी आशीष जैन, रिम धुरे से अनिल गर्ग, अमर स्पिंटस से मोहम्मद उस्मान, बेनजिका प्राइवेट लिमिटेड से अर्चित मित्तल, केरादीन हेल्थवेयर लिमिटेड से सुनील अहलावत और अरव एग्रो फूड्स से डॉ. राज तायल समेत अन्य उद्यमी शामिल हैं। इसके अलावा श्री आयुर्वेदिक संस्थान, अंकित कैराना तथा कैराना की साधु स्वीट्स और अग्रवाल स्वीट्स भी अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगी।
साधु स्वीट्स और अग्रवाल स्वीट्स लगाएंगी ‘पलंग तोड़’ के स्टॉल
ट्रेड शो में कैराना की साधु स्वीट्स और अग्रवाल स्वीट्स की ओर से प्रसिद्ध ‘पलंग तोड़’ मिठाई को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही शामली के गुड़ आधारित उत्पाद भी विदेशी और देशी खरीदारों के सामने पेश किए जाएंगे। अधिकारियों को उम्मीद है कि स्थानीय स्वाद और पारंपरिक उत्पादों की प्रस्तुति से नए कारोबारी संपर्क बनेंगे और इन उत्पादों के लिए नए बाजार खुल सकते हैं।
ODOP में शामिल हुई ‘पलंग तोड़’ मिठाई और शामली की चाट

कैराना की ‘पलंग तोड़’ मिठाई को हाल ही में एक जनपद एक व्यंजन (ODOP) पहल के तहत शामली के चयनित उत्पादों में शामिल किया गया है। इसके साथ शामली की चाट और गुड़ आधारित उत्पादों को भी इस पहल के तहत पहचान दी गई है। ODOP के माध्यम से स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाले खास उत्पादों को उनकी पारंपरिक पहचान के साथ व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
उपायुक्त उद्योग रतिका गुप्ता ने बताया ट्रेड शो का उद्देश्य
उपायुक्त उद्योग रतिका गुप्ता के मुताबिक, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के उद्योग, कृषि, शिक्षा, चिकित्सा समेत विभिन्न क्षेत्रों की उपलब्धियों और उत्पादों को देश-दुनिया के सामने प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रदेश के उद्यमियों और कारोबारियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने, उत्पादों को वैश्विक मंच देने और नए व्यापारिक अवसर हासिल करने में मदद कर सकता है।
शामली के कारोबारियों को मिल सकते हैं नए बाजार और खरीदार
ट्रेड शो में शामली के नौ उद्यमियों की भागीदारी से स्थानीय कारोबार को नए खरीदारों और कारोबारी नेटवर्क तक पहुंच मिलने की उम्मीद है। औद्योगिक उत्पादों के साथ खाद्य, कृषि, आयुर्वेदिक और गुड़ आधारित उत्पादों की मौजूदगी जिले की कारोबारी विविधता को भी प्रदर्शित करेगी। खास तौर पर कैराना की पारंपरिक ‘पलंग तोड़’ मिठाई को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने पेश किए जाने से स्थानीय मिठाई कारोबार के लिए नए अवसर बनने की संभावना है।
‘पलंग तोड़’ से शामली की पहचान को मिलेगी नई उड़ान?

शामली की पारंपरिक पहचान से जुड़े उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने की यह पहल स्थानीय उद्यमियों के लिए नए कारोबारी रास्ते खोल सकती है। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में विदेशी खरीदारों की मौजूदगी के बीच कैराना की ‘पलंग तोड़’ मिठाई और गुड़ उत्पादों की प्रस्तुति पर विशेष नजर रहेगी। अब देखना होगा कि ट्रेड शो के जरिए शामली के इन स्थानीय उत्पादों को कितने नए खरीदार और बाजार मिलते हैं।










