Sarke Chunar Controversy: भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में एक बार फिर अश्लीलता और आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आगामी फिल्म ‘केडी: द डेविल’ के हालिया रिलीज गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ को लेकर चौतरफा विरोध शुरू हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने इस पर स्वतः संज्ञान लिया है और फिल्म से जुड़े दिग्गज कलाकारों सहित निर्माताओं को समन जारी कर जवाब तलब किया है।
वायलेंस और गालियों पर चली कैंची: धुरंधर 2 को 21 कट्स के बाद मिली हरी झंडी
24 मार्च को पेश होने का आदेश

राष्ट्रीय महिला आयोग ने राष्ट्रीय महिला आयोग अधिनियम, 1990 के तहत अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए इस गाने में दिखाई गई ‘अश्लीलता और अभद्रता’ पर कड़ी आपत्ति जताई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि पहली नजर में यह गाना यौन उत्तेजक, आपत्तिजनक और भारतीय न्याय संहिता (BNS), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) और पोक्सो (POCSO) अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन प्रतीत होता है।
आयोग ने इस मामले में पांच लोगों को मंगलवार, 24 मार्च 2026 को दोपहर 12:30 बजे संबंधित दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के लिए समन भेजा है। जिसमें नोरा फतेही (अभिनेत्री), संजय दत्त (अभिनेता), रकीब आलम (गीतकार), वेंकट के. नारायण (निर्माता, केवीएन समूह), किरण कुमार (निर्देशक) आयोग ने चेतावनी दी है कि अगर निर्धारित समय पर ये लोग उपस्थित नहीं होते हैं, तो कानून के मुताबिक कठोर कार्रवाई की जा सकती है।
NHRC और अन्य संस्थाओं को भी नोटिस
विवाद केवल महिला आयोग तक ही सीमित नहीं है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने भी इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC), इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और गूगल इंडिया को नोटिस जारी किया है। यह कदम दिखाता है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर परोसे जा रहे कंटेंट की निगरानी अब और सख्त होने वाली है।
क्यों शुरू हुआ ‘सरके चुनर’ पर विवाद?
ध्रुव सरजा स्टारर फिल्म ‘केडी: द डेविल’ के इस गाने में नोरा फतेही और संजय दत्त नजर आए थे। रिलीज के बाद से ही सोशल मीडिया पर इस गाने के फिल्मांकन और बोलों की आलोचना हो रही थी। विवाद इतना बढ़ा कि निर्माताओं ने दबाव में आकर इस गाने को यूट्यूब (YouTube) से हटा दिया है। बता दें कि इस गाने को गायिका मंगली ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल रकीब आलम ने लिखे हैं और संगीत अर्जुन जन्या ने तैयार किया है।
बर्थ एनिवर्सरी : रोमांटिक हीरो के रूप में पहचान बनाई शशि कपूर ने









