CSK vs RCB: लगातार तीसरी हार के बाद भी चमके सरफराज खान, पावरप्ले में पचासा जड़कर रचा इतिहास

आईपीएल 2026 में आरसीबी के खिलाफ मिली हार के बावजूद सीएसके के सरफराज खान ने इतिहास रच दिया है। नंबर 4 पर खेलते हुए पावरप्ले में अर्धशतक लगाने वाले वे पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 200 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 19 गेंदों में पारी को संभाला और 2,556 दिन बाद अपनी दूसरी आईपीएल फिफ्टी पूरी की।

CSK vs RCB

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अप्रैल 6, 2026

CSK vs RCB: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का खराब फॉर्म जारी है। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए एक हाई-स्कोरिंग मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने सीएसके को करारी शिकस्त दी। आरसीबी द्वारा खड़े किए गए 250 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई की टीम 19.4 ओवरों में महज 207 रनों पर ही ढेर हो गई। भले ही इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को हार का मुंह देखना पड़ा हो, लेकिन टीम के धाकड़ बल्लेबाज सरफराज खान ने मैदान पर वो करिश्मा कर दिखाया जो आज तक आईपीएल इतिहास में कोई नहीं कर सका था।

चेन्नई सुपर किंग्स की लड़खड़ाती पारी को मिला सहारा

बताते चले कि, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के गगनचुंबी 250/3 रनों के विशाल स्कोर का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत किसी बुरे सपने जैसी रही। सीएसके का मजबूत माना जाने वाला टॉप ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। टीम के शीर्ष तीन धुरंधर— संजू सैमसन, कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और आयुष म्हात्रे मिलकर टीम के खाते में सिर्फ 17 रन ही जोड़ सके। जब मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज सरफराज खान क्रीज पर उतरे, तब चेन्नई का स्कोर 3 विकेट खोकर मात्र 30 रन था और टीम बेहद गहरे संकट में थी। यहाँ से सरफराज ने मोर्चा संभाला और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए बिना कोई और विकेट गंवाए टीम के स्कोर को 77 रनों तक पहुंचा दिया। उन्होंने अपनी इस जुझारू पारी के दौरान सिर्फ 19 गेंदों का सामना किया और 200 से अधिक के तूफानी स्ट्राइक रेट से अपनी फिफ्टी पूरी की।

IPL क्रिकेट रिकॉर्ड बुक में दर्ज हुआ सरफराज का नाम

संकट के समय में खेली गई सरफराज खान की इस आतिशी पारी ने न केवल चेन्नई की लाज बचाई, बल्कि इंडियन प्रीमियर लीग की रिकॉर्ड बुक में एक स्वर्णिम इतिहास भी रच दिया। सरफराज अब आईपीएल के इतिहास में नंबर 4 या उससे नीचे के क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए, शुरुआती 6 ओवरों यानी पावरप्ले के भीतर ही अर्धशतक (हाफ सेंचुरी) ठोकने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।

सरफराज के आईपीएल करियर का दूसरा अर्धशतक

यह आरसीबी के खिलाफ सरफराज के आईपीएल करियर का दूसरा अर्धशतक था। दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले उन्होंने 6 अप्रैल 2019 को पंजाब किंग्स की तरफ से खेलते हुए लीग में अपना पहला पचासा जड़ा था। दाएं हाथ के इस हुनरमंद भारतीय बल्लेबाज ने पूरे 2,556 दिनों के लंबे इंतजार के बाद 5 अप्रैल 2026 को अपना दूसरा आईपीएल अर्धशतक पूरा किया। इस अविश्वसनीय अंतराल के साथ ही सरफराज दो आईपीएल हाफ सेंचुरी के बीच सबसे लंबा समय लेने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं।