Sanjay Singh on PM Modi Video: पीएम मोदी के वीडियो पर संजय सिंह के तीखे सवाल से मचा सियासी भूचाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिवंगत माता के अपमान को लेकर शेयर किए गए वीडियो पर आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह ने तीखा पलटवार किया है। संजय सिंह ने सवाल उठाया कि क्या केवल पीएम की मां ही मां हैं। उन्होंने समर्थकों द्वारा भद्दी गालियां देने का आरोप लगाते हुए सरकार पर देश में नफरत फैलाने का गंभीर आरोप लगाया।

Sanjay Singh on PM Modi Video

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अगस्त 1, 2026

Sanjay Singh on PM Modi Video: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुक्रवार (31 जुलाई) को इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो के बाद देश की राजनीति में जबरदस्त भूचाल आ गया है। इस वीडियो में पीएम मोदी ने दर्द बयां करते हुए कहा था कि नीट (NEET) पेपर लीक के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शनों के दौरान न केवल उनके खिलाफ, बल्कि उनकी दिवंगत मां के खिलाफ भी अत्यंत अभद्र भाषा और गालियों का इस्तेमाल किया गया था। प्रधानमंत्री के इस संवेदनशील खुलासे के बाद विपक्षी दलों की तरफ से तीखी प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है।

संजय सिंह का सवाल

बताते चले कि, प्रधानमंत्री के इस वीडियो पर कड़ा पलटवार करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने वीडियो जारी कर तीखे सवाल उठाए। संजय सिंह ने कहा, “मोदी जी, आपकी माताजी को सिर झुकाकर शत-शत नमन है, लेकिन देश की जनता को यह बताइए कि क्या केवल आपकी मां ही मां हैं और हमारी या देश की अन्य महिलाओं की कोई इज्जत नहीं है?” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब सत्ता पक्ष के लोगों द्वारा विपक्षी नेताओं के लिए ‘मुजरा’ जैसे अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया जाता है, तब क्या विपक्षी दलों में काम करने वाली महिलाएं किसी की मां, बहन या बेटी नहीं होती हैं?

प्रधानमंत्री के भावुक होने पर कसा तंज

संजय सिंह ने आगे प्रधानमंत्री के भावुक अंदाज पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम मोदी अक्सर ऐसी घटनाओं को लेकर काफी भावुक नजर आते हैं और जनता को यह जताने की कोशिश करते हैं कि वे इस तरह की बातें सुनकर बहुत गहरे सदमे और तकलीफ में हैं। आप सांसद ने कहा कि वे प्रधानमंत्री की नीतियों और विचारधारा के खिलाफ वैचारिक लड़ाई लड़ रहे हैं और उनकी रोने-धोने की कोई आदत नहीं है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, “मैं आपसे हाथ जोड़कर अनुरोध करता हूं कि एक दिन मेरा मोबाइल फोन अपने पास रखकर देखिए, आपको सुबह से शाम तक मेरे फोन पर आपके समर्थकों द्वारा दी जाने वाली मां-बहन की गालियों के हजारों संदेश दिख जाएंगे।”

प्रधानमंत्री पर देश में नफरत फैलाने का आरोप

आप सांसद ने अपनी बात रखते हुए खुलासा किया कि उन्हें रोजाना धमकियां मिलती हैं जिनमें कहा जाता है कि ‘इसे समझा लो वरना पेट्रोल डालकर जिंदा जला देंगे।’ उन्होंने पीएम मोदी से सीधा सवाल किया कि आपने देश का कैसा समाज बना दिया है और पूरे राष्ट्र की सामूहिक मानसिकता को इस कदर दूषित क्यों कर दिया है? संजय सिंह ने कहा कि जब भी वे सोशल मीडिया पर कोई पोस्ट या ट्वीट करते हैं, तो प्रधानमंत्री के समर्थकों द्वारा उनकी पोस्ट के नीचे लाखों की संख्या में भद्दी गालियां और अभद्र टिप्पणियां की जाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह नफरत के बीज किसी और ने नहीं बल्कि खुद प्रधानमंत्री और उनकी पार्टी की नीतियों ने बोए हैं और यह एक बहुत बड़ा पाप है।

केंद्र सरकार पर गंभीर सवाल उठाए

अपने तीखे बयान के अंत में संजय सिंह ने केंद्र सरकार और उसके समर्थकों के आचरण पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तक को आपके समर्थकों द्वारा सरेआम गालियां दी जाती हैं। उन्होंने पुरानी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि क्या आपको याद नहीं है कि कैसे आपके लोगों ने विदेश सचिव की बेटी तक को नहीं छोड़ा और उन्हें भी गालियों का शिकार बनाया? इसके अलावा, देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) के ऊपर जूते-चप्पल फेंके गए और ऐसा घृणित कृत्य करने वालों का सरेआम बचाव किया गया, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि देश में असहिष्णुता और नफरत का माहौल लगातार तेजी से बढ़ाया जा रहा है।