Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले से बिजली चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिस बिजली के लिए आम लोग भारी-भरकम बिल चुकाते हैं और फिर भी सप्लाई में दिक्कत झेलते हैं, उसी बिजली का आनंद 60 से अधिक घरों के लोग मुफ्त में उठा रहे थे। प्रशासन ने जब इस पर शिकंजा कसने के लिए अभियान चलाया तो एक भूमिगत मिनी पावर स्टेशन का राज खुला, जिसने अधिकारियों को भी चौंका दिया।
शिरोमणि अकाली दल के वर्चस्व को AAP की चुनौती?
देर रात छापेमारी अभियान

बिजली चोरी के खिलाफ चलाए गए इस अभियान में डीएम डॉ. राजेंद्र पैसिया और एसपी कृष्ण विश्नोई खुद देर रात सड़कों पर उतरे। भारी पुलिस बल और बिजली विभाग की टीमों के साथ शहर के कई इलाकों में संयुक्त छापेमारी की गई। रायसत्ती, दीपा सराय, सराय तरीन, नबाबखेल, गुन्नौर और बबराला जैसे क्षेत्रों में जांच की गई। इसी दौरान एक घर में अवैध रूप से संचालित मिनी पावर स्टेशन पकड़ा गया, जिसके जरिए 50 से 60 घरों को चोरी की बिजली सप्लाई की जा रही थी।
भूमिगत सिस्टम का राज
जांच में सामने आया कि यह पूरा सिस्टम भूमिगत था। एक व्यक्ति ने अपने घर में अंडरग्राउंड मिनी पावर स्टेशन स्थापित कर रखा था। इसी के जरिए आसपास के दर्जनों मकानों, एक मस्जिद, दूध की डेयरी और अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग प्वाइंट्स को बिजली सप्लाई दी जा रही थी। मौके से अवैध केबल, ट्रांसफार्मर और अन्य उपकरण जब्त किए गए। सभी अवैध कनेक्शन तत्काल काट दिए गए।
अधिकारियों की मौजूदगी और कार्रवाई
छापेमारी अभियान के दौरान डीएम और एसपी के अलावा सीओ संभल आलोक भाटी, सीओ असमोली कुलदीप सिंह, एएसपी कुलदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। बताया गया कि कुछ इलाकों में लाइन लॉस 50 प्रतिशत तक पहुंच गया था। इसे रोकने और बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान चलाया गया।
डीएम का सख्त संदेश
डीएम डॉ. राजेंद्र पैसिया ने साफ कहा कि बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन लोगों को चिन्हित किया गया है, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। जरूरत पड़ने पर संपत्ति कुर्क करने तक की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
राजनीतिक क्षेत्र से शुरुआत
यह अभियान सांसद जियाउर्रहमान बर्क के गृह क्षेत्र रायसत्ती और नखासा से शुरू किया गया। एक दर्जन से अधिक टीमें भारी पुलिस बल के साथ घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच में जुटीं। प्रशासनिक कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और बिजली चोरी करने वालों में खौफ का माहौल है।
दक्षिणी हरियाणा तक एसवाईएल से पहुंचाया जाएगा 6500 क्यूसेक तक पानी










