Samay Raina Controversy: कॉमेडियन समय रैना ने शुक्रवार को अपने चर्चित शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के सीजन 2 का एक और एपिसोड रिलीज किया। एपिसोड के कुछ हिस्से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया। वायरल क्लिप्स में बिहार और कश्मीरी पंडितों को लेकर की गई कथित टिप्पणियों पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
समय रैना और शैरन वर्मा की बातचीत बनी विवाद की वजह
बताते चले कि, विवादित अंश में समय रैना स्टैंड-अप कॉमेडियन शैरन वर्मा का परिचय कराते हुए उनके बिहार से होने को लेकर मजाक करते दिखाई देते हैं। बातचीत के दौरान दोनों ने एक-दूसरे की क्षेत्रीय और व्यक्तिगत पृष्ठभूमि को लेकर हास्य टिप्पणियां की। यही बातचीत बाद में सोशल मीडिया पर चर्चा का प्रमुख कारण बन गई।
बिहार पर समय रैना की टिप्पणी
समय रैना ने शैरन के बिहार से होने पर मजाक करते हुए कहा कि वह इतनी बिहारी हैं कि ‘इबोला’ शब्द को लेकर भी अलग अर्थ निकालती हैं। इसके जवाब में शैरन वर्मा ने समय की कश्मीरी पृष्ठभूमि पर टिप्पणी की। उन्होंने समय के कश्मीरी होने को लेकर ‘स्टोन’ शब्द से जुड़ा मजाक किया। दोनों के बीच यह बातचीत कॉमेडी के अंदाज में आगे बढ़ी।
‘बिहारी वाली बातें’ वाले मजाक पर भी सोशल मीडिया में चर्चा
इसके बाद समय रैना ने शैरन के मुंबई आने और नौकरी की तलाश से जुड़े मजाक को आगे बढ़ाया। शैरन ने जवाब देते हुए कहा कि कम से कम उन्होंने अपनी इच्छा से अपना राज्य छोड़ा। शो में हुई यह नोकझोंक सोशल मीडिया पर वायरल क्लिप्स के जरिए लोगों तक पहुंची और इसके बाद कुछ यूजर्स ने टिप्पणियों को लेकर आपत्ति जताई।
बीजेपी विधायक राम कदम ने समय रैना की टिप्पणियों की आलोचना की
विवाद बढ़ने के बाद बीजेपी विधायक राम कदम ने कथित टिप्पणियों की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग केवल प्रचार और लोकप्रियता हासिल करने के लिए जानबूझकर विवादित बातें करते हैं। राम कदम ने कहा कि समाज में ऐसे बयानों को लेकर जिम्मेदारी समझना जरूरी है और हर चीज को सिर्फ पब्लिसिटी के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।
कश्मीरी पंडित और धार्मिक भावनाओं पर राम कदम का बयान
राम कदम ने कहा कि सनातन हिंदू धर्म के देवी-देवताओं और कश्मीरी पंडितों को मजाक का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जानबूझकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के बाद केवल माफी मांग लेना पर्याप्त नहीं होना चाहिए। उनके मुताबिक, विवादित बयान के बाद संबंधित व्यक्ति को देशभर में मुफ्त प्रचार मिल जाता है।
कश्मीरी पंडित समुदाय से आई अलग राय
वहीं, एक कश्मीरी पंडित ने समाचार एजेंसी से बातचीत में इस विवाद को लेकर अलग राय रखी। उन्होंने कहा कि समय रैना और शैरन वर्मा के बीच हुई बातचीत को जरूरत से ज्यादा महत्व देने की आवश्यकता नहीं है। उनके मुताबिक, यह एक कॉमेडी शो था और बातचीत को उसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
कश्मीरी पंडित बोले- हर भारतीय को देश में कहीं भी रहने का अधिकार
उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति कश्मीरी पंडित है, तो उसे देश के किसी भी हिस्से में जाने और रहने का अधिकार है। इसी तरह बिहार से आने वाला कोई व्यक्ति भी मुंबई या देश के किसी अन्य हिस्से में नौकरी और दूसरे कारणों से रह सकता है। उन्होंने इसे नागरिकों के मौलिक अधिकार से जोड़ते हुए कहा कि किसी के राज्य बदलने को लेकर मजाक नहीं बनाया जाना चाहिए।
कॉमेडी शो में मजाक को व्यक्तिगत न लेने की अपील
कश्मीरी पंडित ने आगे कहा कि कॉमेडी शो में कलाकारों के बीच मजाक और बातचीत होती रहती है। उनके अनुसार, दर्शकों को ऐसी बातों को व्यक्तिगत रूप से लेने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह भी जरूरी नहीं कि शो में किसने किससे क्या कहा, उसे इतना बड़ा मुद्दा बना दिया जाए।
समय रैना के शो पर विवाद के बीच प्रतिक्रियाएं जारी
‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के नए एपिसोड के वायरल अंशों को लेकर जहां कुछ लोगों ने आपत्ति जताई है, वहीं कुछ लोगों का कहना है कि कॉमेडी को उसके संदर्भ में देखा जाना चाहिए। फिलहाल इस मामले में अलग-अलग प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है और सोशल मीडिया पर समय रैना तथा शो से जुड़े क्लिप्स लगातार चर्चा में हैं।










