Eid 2026: गैलेक्सी की बालकनी से सलमान ने फैंस को दी ईद की मुबारकबाद, रिलीज हुआ ‘चांद देख लेना’ सॉन्ग

सुपरस्टार सलमान खान के लिए इस साल की ईद बेहद खास रही। उनके पिता सलीम खान बीमारी के बाद घर लौट आए हैं, जिससे खान परिवार में जश्न का माहौल है। इसी मौके पर सलमान की फिल्म 'मातृभूमि' का नया गाना 'चांद देख लेना' रिलीज हुआ, जिसमें वे चित्रांगदा सिंह के साथ नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है।

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

मार्च 21, 2026

Eid 2026: बॉलीवुड के ‘भाईजान’ सलमान खान के लिए इस साल की ईद खुशियों की दोहरी सौगात लेकर आई है। गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर उमड़े हजारों प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार करने के साथ ही, खान परिवार के लिए सबसे बड़ी राहत की खबर उनके पिता सलीम खान की सेहत से जुड़ी है। इसके साथ ही, सलमान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मातृभूमि’ के नए ट्रैक ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर धूम मचा दी है, जो ईद के जश्न को और भी यादगार बना रहा है।

गैलेक्सी अपार्टमेंट में जश्न का माहौल

बताते चले कि, सलमान खान का परिवार हमेशा से ही सभी धर्मों के त्योहारों को पूरे उत्साह और एकता के साथ मनाने के लिए जाना जाता है। इस बार की ईद सलमान के लिए भावनात्मक रूप से बेहद खास है, क्योंकि उनके पिता और दिग्गज पटकथा लेखक सलीम खान लंबी बीमारी के बाद अस्पताल से ठीक होकर घर लौट आए हैं। पिता की सलामती की खुशी सलमान के चेहरे पर साफ दिखाई दी।

परंपरा को निभाते हुए, सलमान खान अपनी बालकनी पर आए और हाथ हिलाकर अपने फैंस का आभार जताया। सफेद कुर्ते में सजे सुपरस्टार को देखने के लिए मुंबई की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा था। सलमान ने न केवल अपने प्रशंसकों को ईद की मुबारकबाद दी, बल्कि अपनी मुस्कान से यह भी जाहिर किया कि परिवार के मुखिया की घर वापसी उनके लिए इस साल का सबसे बड़ा ईदी तोहफा है।

फिल्म ‘मातृभूमि’ का नया म्यूजिक रिलीज

ईद के शुभ अवसर पर फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ (Matrubhoomi: May War Rest In Peace) का नया गाना ‘चांद देख लेना’ आधिकारिक तौर पर बुधवार को रिलीज कर दिया गया है। इस गाने में सलमान खान और खूबसूरत अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह की जोड़ी पहली बार पर्दे पर नजर आ रही है। हिमेश रेशमिया द्वारा कंपोज किए गए इस सुरीले ट्रैक को युवा गायक निहाल टौरो और अंकोना मुखर्जी ने अपनी आवाज दी है।

यह गाना मानवीय भावनाओं और ‘चांद’ के सांस्कृतिक महत्व को बेहद खूबसूरती से पिरोता है। ‘चांद देख लेना’ न केवल ईद के जश्न और मिलन का प्रतीक है, बल्कि यह करवा चौथ के पवित्र त्यौहार पर प्यार, अटूट विश्वास और लंबे इंतजार की दास्तां भी बयां करता है। यह गीत दर्शकों के दिलों को छू रहा है और रिलीज के कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा है।

‘बैटल ऑफ गलवान’ से ‘मातृभूमि’ तक का सफर

गौरतलब है कि इस फिल्म का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था, जिसे अब बदलकर ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ कर दिया गया है। फिल्म के शीर्षक में यह बदलाव कहानी की संवेदनशीलता और युद्ध के बीच पनपने वाली इंसानियत के संदेश को गहराई से पेश करने के लिए किया गया है। सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले इस फिल्म को सलमा खान ने प्रोड्यूस किया है, जबकि इसका निर्देशन जाने-माने डायरेक्टर अपूर्व लाखिया ने किया है।

फिल्म के प्रति दर्शकों का क्रेज पहले से ही काफी ज्यादा है। इससे पहले रिलीज हुए इसके टाइटल ट्रैक ‘मातृभूमि’ को यूट्यूब पर 50 मिलियन से अधिक व्यूज मिल चुके हैं। वहीं, वेलेंटाइन डे पर रिलीज हुआ रोमांटिक गाना ‘मैं हूं’ भी चार्टबस्टर साबित हुआ था। अब ‘चांद देख लेना’ की सफलता के बाद फैंस को फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार है, जो देशभक्ति और मानवीय जज्बातों का एक अनूठा संगम होने वाली है।