Ghaziabad Fire: गाजियाबाद के साहिबाबाद और राजस्थान के भिवाड़ी से आगजनी की दो हृदयविदारक खबरें सामने आई हैं। जहां एक ओर साहिबाबाद में दमकल विभाग की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई, वहीं भिवाड़ी की केमिकल फैक्ट्री में लगी आग ने कई परिवारों को उम्र भर का गम दे दिया है।
Rajpal Yadav Bail: चेक बाउंस केस में फंसे राजपाल यादव, 3 बजे तक बड़ा फैसला
साहिबाबाद इंडस्ट्रियल एरिया में अग्निकांड
बताते चले कि, सोमवार को गाजियाबाद के साहिबाबाद साइट 4 इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित दो फैक्ट्रियों में अचानक आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थी कि देखते ही देखते इसने पास की दूसरी इकाई को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग हरकत में आया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए न केवल गाजियाबाद, बल्कि पड़ोसी जिलों नोएडा और हापुड़ से भी अग्निशमन वाहनों (Fire Tenders) को मौके पर बुलाया गया।
CFO का बयान और राहत कार्य की स्थिति
आपको बता दे कि, CFO राहुल पाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोपहर करीब 12 बजे साहिबाबाद फायर स्टेशन को बाइक पार्ट्स बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। शुरुआती तौर पर चार गाड़ियां भेजी गई थीं, लेकिन भीषण लपटों पर नियंत्रण पाने के लिए अतिरिक्त कुमक बुलाई गई। राहत की बात यह रही कि मात्र आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं है, हालांकि संपत्ति के नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है।
राजस्थान के भिवाड़ी में केमिकल फैक्ट्री में मची तबाही
वहीं दूसरी ओर, राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी इलाके से एक बेहद दुखद खबर आई। यहाँ एक केमिकल फैक्ट्री में लगी विनाशकारी आग की चपेट में आने से कम से कम 7 लोगों की जलकर मौत हो गई। फैक्ट्री के भीतर फंसे कर्मचारियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बचाव दल ने मलबे से सात क्षत-विक्षत शव बरामद किए हैं, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
सुरक्षा मानकों पर सवालिया निशान
इस हादसे के बाद राजस्थान की राजनीति गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए हैं। उन्होंने भिवाड़ी की घटना को गंभीर औद्योगिक दुर्घटना बताते हुए अजमेर रोड के पुराने हादसों का भी जिक्र किया। डोटासरा ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में ऐसी घटनाएं आम हो गई हैं और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने पीड़ितों के लिए तुरंत सहायता और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया शोक
भिवाड़ी की इस त्रासदी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। पीएमओ द्वारा साझा किए गए एक संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि भिवाड़ी की घटना अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि फैक्ट्री में आग लगने का मुख्य कारण क्या था और क्या वहां सुरक्षा उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था थी।









