Rohit Sharma Visited Kamakhya Temple: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में अपनी लय वापस पाने के लिए बेताब मुंबई इंडियंस (MI) की टीम अपने अगले मिशन के लिए पूरी तरह तैयार है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली करारी शिकस्त के बाद, मुंबई की अगली भिड़ंत मंगलवार, 7 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ होनी है। गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज ओपनर रोहित शर्मा (Rohit Sharma) भगवान की शरण में पहुंचे। ‘हिटमैन’ के नाम से मशहूर रोहित के साथ मुंबई इंडियंस के उभरते हुए युवा सितारे तिलक वर्मा (Tilak Varma) भी अध्यात्म के रंग में रंगे नजर आए।
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले से पहले लिया दिव्य आशीर्वाद
मुंबई इंडियंस के दोनों स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा और तिलक वर्मा गुवाहाटी के विश्व प्रसिद्ध मां कामाख्या देवी मंदिर में मत्था टेकने पहुंचे। सोशल मीडिया पर दोनों क्रिकेटर्स का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे मंदिर परिसर के अंदर जाते दिखाई दे रहे हैं। कड़ी पुलिस सुरक्षा और सुरक्षा घेरे के बीच दोनों खिलाड़ियों ने गर्भगृह में जाकर विशेष पूजा-अर्चना की और अपनी टीम की सफलता के लिए प्रार्थना की। जैसे ही रोहित और तिलक मंदिर से बाहर निकले, वहां मौजूद सैकड़ों फैंस की भीड़ बेकाबू हो गई। अपने चहेते ‘हिटमैन’ की एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों के बीच गजब का उत्साह और दीवानगी देखने को मिली।
राजस्थान से भिड़ंत में जीत की राह पर लौटने की कोशिश
आपको बता दें कि मुंबई इंडियंस को अपने पिछले लीग मैच में दिल्ली कैपिटल्स के हाथों 6 विकेट से एकतरफा शिकस्त झेलनी पड़ी थी। इस हार के बाद टीम के मनोबल को बढ़ाने और टूर्नामेंट में जोरदार वापसी करने के लिए राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। कामाख्या मां के आशीर्वाद के साथ मैदान पर उतरने वाली मुंबई की पलटन अब जीत के ट्रैक पर लौटने के लिए बेताब है। क्रिकेट फैंस के बीच अब इस बात को लेकर भारी उत्सुकता है कि संजू सैमसन की अगुवाई वाली मजबूत राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस किस रणनीति और जोश के साथ मैदान पर उतरती है।
आईपीएल 2026 की पॉइंट्स टेबल में छठे पायदान पर खिसकी MI
मौजूदा आईपीएल सीजन में मुंबई इंडियंस ने अब तक दो मुकाबले खेले हैं, जिसमें से उन्हें एक में शानदार जीत और एक में करारी हार नसीब हुई है। इस उतार-चढ़ाव भरे प्रदर्शन के बाद रोहित शर्मा की टीम अंक तालिका (Points Table) में 2 अंकों के साथ छठे स्थान पर मौजूद है। वर्तमान में मुंबई का नेट रनरेट -0.206 का है, जो टीम मैनेजमेंट के लिए थोड़ी चिंता का विषय जरूर है। मंगलवार को होने वाले मैच को जीतकर टीम न सिर्फ 2 अहम अंक हासिल करना चाहेगी, बल्कि अपनी रनरेट में सुधार कर पॉइंट्स टेबल के टॉप-4 में जगह बनाने का पुरजोर प्रयास करेगी।
बड़ी पारी खेलने को बेताब दिग्गज ओपनर
अगर व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो रोहित शर्मा इस सीजन में काफी बेहतरीन टच में नजर आ रहे हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ खेले गए पहले लीग मैच में उन्होंने रनों का पीछा करते हुए ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की थी। रोहित ने महज 38 गेंदों में 6 चौकों और 6 गगनचुंबी छक्कों की मदद से विस्फोटक 78 रन कूटे थे।
हालांकि, दिल्ली के खिलाफ अगले मैच में वह अच्छी और सधी हुई शुरुआत को एक बड़ी पारी में तब्दील करने से चूक गए थे। उस मुकाबले में रोहित ने 26 गेंदों में 5 चौके और 1 छक्के की बदौलत 35 रन बनाए थे। अब कामाख्या देवी के दरबार में हाजिरी लगाने के बाद फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ ‘हिटमैन’ का बल्ला एक बार फिर जमकर आग उगलेगा।










