Rohit Sharma Padma Shri award: पद्मश्री मिलने पर गदगद हुए रोहित शर्मा, बोले- ‘आज मेरी कहानी में जुड़ा एक नया अध्याय’

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और टी20 विश्व कप 2024 व चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के विजेता रोहित शर्मा को पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया। अपने 19 साल के शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर को याद करते हुए रोहित ने इसे अपने जीवन का एक और गर्व भरा अध्याय बताया है।

Rohit Sharma Padma Shri award

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जून 24, 2026

Rohit Sharma Padma Shri award: भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में शुमार और ‘हिटमैन’ के नाम से मशहूर रोहित शर्मा को पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया है। मंगलवार शाम राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक गरिमामय समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रोहित शर्मा को देश के इस प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान से सम्मानित किया। यह पुरस्कार भारतीय क्रिकेट में उनके पिछले दो दशकों के असाधारण योगदान और खेल के प्रति उनके समर्पण को मान्यता देता है। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने टी20 विश्व कप 2024 और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जैसे बड़े खिताब जीतकर विश्व क्रिकेट में अपना दबदबा कायम किया है।

19 साल के करियर का गौरवपूर्ण सफर

बताते चले कि, पद्मश्री मिलने के बाद रोहित शर्मा काफी भावुक नजर आए। संयोग देखिए कि 23 जून 2007 को ही उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था और ठीक 19 साल बाद इसी तारीख के आसपास उन्हें यह सम्मान मिला। सोशल मीडिया पर अपनी खुशी साझा करते हुए रोहित ने लिखा, “23 जून अपने साथ कई तरह का जादू लेकर आता है। 19 साल पहले इसकी शुरुआत भारत की कैप मिलने से हुई थी और आज इस कहानी में एक और गर्व भरा अध्याय जुड़ गया है।” यह सफर एक साधारण खिलाड़ी से लेकर विश्व स्तरीय कप्तान बनने तक की उनकी प्रेरणादायक यात्रा को दर्शाता है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रोहित शर्मा की धमाकेदार बल्लेबाजी

रोहित शर्मा की बल्लेबाजी शैली ने दुनिया भर के गेंदबाजों को परेशान किया है। मध्यक्रम के बल्लेबाज के रूप में शुरुआत करने वाले रोहित ने 2013 से बतौर सलामी बल्लेबाज अपनी एक अलग पहचान बनाई। वनडे क्रिकेट में उनके नाम सर्वाधिक तीन दोहरे शतक हैं और 264 रनों की पारी आज भी वनडे इतिहास की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी बनी हुई है। रोहित के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा 653 छक्के जड़ने का विश्व रिकॉर्ड भी दर्ज है। उन्होंने 67 टेस्ट, 285 वनडे और 159 टी20 मैचों में अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया है, जिसमें उनके नाम कुल 20,252 अंतरराष्ट्रीय रन और 50 शतक शामिल हैं।

धोनी के बाद सबसे सफल भारतीय कप्तान

एमएस धोनी के बाद रोहित शर्मा को भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में गिना जाता है। रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम ने न केवल आईसीसी टी20 विश्व कप 2024 और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जीती, बल्कि एशिया कप में भी अपनी श्रेष्ठता साबित की। हालांकि 2023 के वनडे विश्व कप फाइनल में टीम को हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन रोहित की कप्तानी का करिश्माई प्रदर्शन लगातार जारी रहा। संन्यास के बाद अब उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक ‘पद्मश्री’ मिलना उनके गौरवपूर्ण करियर का एक नया और शानदार अध्याय है।