IPL 2026: रोहित शर्मा ने तोड़ा विराट कोहली का बड़ा रिकॉर्ड, KKR के खिलाफ मचाया कोहराम

मुंबई इंडियंस के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा ने आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 78 रनों की तूफानी पारी खेलकर इतिहास रच दिया है। इस पारी के दौरान उन्होंने विराट कोहली का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा और टी20 क्रिकेट में 550 छक्के जड़ने वाले पहले एशियाई खिलाड़ी बने। मुंबई ने इस मैच में अपना सबसे बड़ा रन चेज पूरा किया।

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

मार्च 30, 2026

IPL 2026: मुंबई इंडियंस (MI) के पूर्व कप्तान और दिग्गज सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने आईपीएल 2026 में अपने बल्ले का ऐसा जौहर दिखाया कि विपक्षी टीमें अभी से खौफ में आ गई हैं। उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में महज 78 रनों की धुआंधार पारी खेलकर महफिल लूट ली। रोहित ने मैदान के हर कोने में चौके-छक्कों की बरसात की और रयान रिकेल्टन के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 148 रनों की मैराथन साझेदारी कर डाली। इस आतिशी शुरुआत के दम पर मुंबई इंडियंस ने आईपीएल इतिहास का अपना सबसे बड़ा सफल रन चेज पूरा कर एक ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

अपनी इस जादुई पारी के दौरान रोहित शर्मा ने 205.26 के हैरान करने वाले स्ट्राइक रेट से रन बनाए। उन्होंने अपनी 78 रनों की इस तूफानी पारी में 6 गगनचुंबी छक्के और 6 दर्शनीय चौके जड़े। इस बेजोड़ प्रदर्शन के दम पर ‘हिटमैन’ ने रिकॉर्ड बुक में खलबली मचा दी है। आइए नजर डालते हैं रोहित शर्मा द्वारा इस मैच में ध्वस्त किए गए 5 बड़े कीर्तिमानों पर:

रोहित शर्मा का सबसे तेज अर्धशतक

वानखेड़े के मैदान पर रोहित शर्मा के बल्ले से रनों का ऐसा सैलाब आया कि उन्होंने महज 23 गेंदों में ही अपना अर्धशतक (Half Century) पूरा कर लिया। यह उनके आईपीएल करियर की अब तक की सबसे तेज फिफ्टी है। इससे पहले उन्होंने साल 2015 के महामुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ 25 गेंदों में अर्धशतक जमाया था। 11 साल बाद रोहित ने अपने ही उस पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।

विराट कोहली का रिकॉर्ड ध्वस्त

इस ऐतिहासिक पारी के दौरान रोहित शर्मा ने मॉडर्न-डे लेजेंड विराट कोहली के एक बेहद खास कीर्तिमान को भी चकनाचूर कर दिया। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ रोहित के नाम अब कुल 1161 रन दर्ज हो चुके हैं। इसके साथ ही वह आईपीएल में किसी एक खास विपक्षी टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज बन गए हैं। पहले यह रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम था, जिन्होंने पंजाब किंग्स के विरुद्ध 1159 रन बनाए हैं।

‘हाफ सेंचुरी’ का अर्धशतक

मुंबई इंडियंस के इस अनुभवी ओपनर ने रविवार को जैसे ही अपना पचासा पूरा किया, उन्होंने आईपीएल में एक और मील का पत्थर छू लिया। यह उनके टूर्नामेंट इतिहास का 50वां अवसर था जब उन्होंने 50 या उससे अधिक रनों की पारी (50 Plus Scores) खेली हो। इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में इस जादुई आंकड़े तक पहुंचने वाले वह दुनिया के महज चौथे धाकड़ बल्लेबाज बने हैं।

टी20 क्रिकेट में 550 छक्के

अपनी इस आतिशी पारी के दौरान ‘हिटमैन’ ने 6 हवाई फायर किए और इसके साथ ही उन्होंने टी20 क्रिकेट (T20 Format) में अपने 550 छक्के पूरे कर लिए। क्रिकेट के इस सबसे छोटे प्रारूप में 550 छक्कों का पहाड़ खड़ा करने वाले रोहित शर्मा पूरे एशिया महाद्वीप के पहले और एकमात्र बल्लेबाज बन गए हैं। एशिया का कोई दूसरा धुरंधर बल्लेबाज अभी तक 450 छक्कों के आंकड़े को भी नहीं छू सका है।

डेविड वॉर्नर को पछाड़कर दर्ज किया ऐतिहासिक कीर्तिमान

केकेआर के खिलाफ सबसे ज्यादा व्यक्तिगत रन बनाने के मामले में रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर को भी काफी पीछे छोड़ दिया है। वॉर्नर ने कोलकाता की फ्रेंचाइजी के विरुद्ध अपने करियर में 1093 रन जोड़े थे, लेकिन रोहित ने इस मैच में मात्र 11 रन बनाते ही उन्हें पछाड़ दिया और इस लिस्ट में शीर्ष स्थान पर काबिज हो गए।