Rohini Acharya: बिहार के सबसे बड़े सियासी परिवारों में से एक, लालू प्रसाद यादव के परिवार और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के भीतर का अंदरूनी कलह अब खुलकर सड़कों और सोशल मीडिया पर आ गया है। लालू यादव की बेटी और आरजेडी नेता रोहिणी आचार्य ने पार्टी के राज्यसभा सांसद और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के बेहद करीबी माने जाने वाले संजय यादव के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल दिया है। रोहिणी ने न केवल संजय यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं, बल्कि पार्टी नेतृत्व को चुनौती देते हुए कहा है कि अगर हिम्मत है तो सबसे पहले उनके खिलाफ कार्रवाई करके दिखाई जाए। इस आंतरिक विवाद के बाद बिहार की सियासत में भूचाल आ गया है।
Bihar Incentive Scheme: 10वीं पास को ₹10,000 और 12वीं पास को ₹15,000, ऐसे करें ऑनलाइन अप्लाई
प्रवक्ता हरेलाल यादव के निष्कासन से भड़का रोहिणी का गुस्सा
आरजेडी के भीतर चल रही इस बड़ी कलह की मुख्य वजह सारण जिला राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता हरेलाल यादव को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में 6 साल के लिए निष्कासित किया जाना है। रोहिणी आचार्य ने इस दंडात्मक कार्रवाई का कड़ा विरोध करते हुए इसे बेहद ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ और एक बड़ी साजिश का हिस्सा करार दिया है।
दरअसल, पूरा मामला सारण (छपरा) के एक समर्पित आरजेडी कार्यकर्ता पंकज यादव की असामयिक मृत्यु से जुड़ा हुआ है। पंकज यादव के निधन के बाद उनकी व्यथित पत्नी ने मदद के लिए सीधे रोहिणी आचार्य को फोन किया था। रोहिणी ने मानवीय संवेदनाओं को देखते हुए स्थानीय नेता और प्रवक्ता हरेलाल यादव को पीड़ित परिवार से मिलने, ढांढस बंधाने और सहायता पहुंचाने के लिए उनके घर भेजा था। लेकिन पार्टी आलाकमान (या उनके सलाहकारों) को हरेलाल यादव का वहां जाना नागवार गुजरा और इसे अनुशासनहीनता मानते हुए उन्हें तुरंत बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
‘हिम्मत है तो मुझ पर कार्रवाई करें’ – रोहिणी आचार्य का तीखा पलटवार
हरेलाल यादव के निष्कासन की खबर मिलते ही रोहिणी आचार्य का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर एक बेहद आक्रामक पोस्ट लिखकर संजय यादव और उनके गुट को ललकारा। रोहिणी ने लिखा:
“संजय यादव या उसके ही जैसे लोगों पर सवाल उठाने वालों पर ही अगर कार्रवाई करनी है, तो सबसे पहले मुझ पर कार्रवाई करने की हिम्मत जुटाएं। मैं आज भी पार्टी में हूं और पार्टी को संजय यादव, रमीज, सुनील सिंह जैसे लोगों के चुंगल से छुड़ाने के लिए लगातार अपनी आवाज उठा रही हूं, आगे भी उठाती रहूंगी। मैं लालू जी की बेटी हूं, कभी गलत के सामने घुटने नहीं टेकूंगी। मेरा साथ देने वाले लोग भी किसी निष्कासन की कार्रवाई की परवाह किए बिना मेरे साथ मजबूती से खड़े ही रहेंगे।”
तेजस्वी के सिपहसालार पर ‘पार्टी विरोधी’ होने का आरोप
बता दें कि जिस संजय यादव को रोहिणी ने कटघरे में खड़ा किया है, वे आरजेडी के मौजूदा राज्यसभा सांसद हैं और तेजस्वी यादव के राजनीतिक सलाहकार और सबसे भरोसेमंद सिपहसालार माने जाते हैं। रोहिणी ने आरोप लगाया है कि सारण जिले का पूरा संगठन वर्तमान में ऐसे ‘बाहरी और चाटुकार’ लोगों के कब्जे में है, जो कहने को तो आरजेडी में हैं, लेकिन हकीकत में वे राजनीतिक विरोधियों के इशारे पर काम कर रहे हैं और चुनावों के दौरान पार्टी को ही भीतरघात पहुंचाते हैं।
रोहिणी ने सारण के वर्तमान विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों को पूरी तरह से ‘निष्क्रिय’ और जमीनी हकीकत से दूर बताया। उन्होंने साफ कहा कि जो सच्चे कार्यकर्ता जनता के बीच जाते हैं और समर्थकों के सुख-दुख साझा करते हैं, उन्हें ये साजिशकर्ता जानबूझकर टारगेट कर रहे हैं। इस अंदरूनी घमासान ने अब तेजस्वी बनाम रोहिणी की नई राजनीतिक जंग के संकेत दे दिए हैं।
Bihar News: प्रशांत किशोर की पहली चुनावी परीक्षा, बांकीपुर उपचुनाव में जनता से मांगेंगे वोट










