Rishabh Pant News: आईपीएल के गलियारों में हलचल मचाते हुए ऋषभ पंत ने अपनी पुरानी टीम दिल्ली कैपिटल्स में वापसी कर ली है। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के साथ दो निराशाजनक सत्रों के बाद, पंत का यह ‘घर वापसी’ का सफर बेहद चर्चा में है। इस हाई-प्रोफाइल ट्रेड के तहत पंत अब 15 करोड़ रुपये के अनुबंध पर दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा होंगे। गौरतलब है कि लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल 2025 की नीलामी में उन्हें रिकॉर्ड-तोड़ 27 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि में खरीदा था, जो उस समय लीग के इतिहास की सबसे बड़ी रकम थी। इस ट्रेड में पंत के वेतन में 12 करोड़ रुपये की सीधी कटौती हुई है।
लखनऊ सुपर जायंट्स की नई रणनीति
बताते चले कि, इस अदला-बदली (ट्रेड) के तहत दिल्ली कैपिटल्स के स्टार चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव अब लखनऊ सुपर जायंट्स की जर्सी में नजर आएंगे। कुलदीप अपनी मौजूदा 13.50 करोड़ रुपये की सैलरी पर ही लखनऊ टीम का हिस्सा बने हैं। लखनऊ के मालिक संजीव गोयनका की ऑस्ट्रेलियाई कोचिंग टीम (जस्टिन लैंगर और टॉम मूडी) की सलाह पर यह निर्णय लिया गया, क्योंकि पंत का प्रदर्शन पिछले दो वर्षों में फ्रेंचाइजी की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा था। कुलदीप यादव के शामिल होने से लखनऊ को स्पिन गेंदबाजी में मजबूती मिलने की उम्मीद है।
LSG के लिए फ्लॉप साबित हुआ 27 करोड़ का दांव
ऋषभ पंत के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स का सफर काफी चुनौतीपूर्ण रहा। 2025 के मेगा ऑक्शन में उन्हें टीम का मुख्य चेहरा बनाया गया था, लेकिन मैदान पर यह दांव पूरी तरह उल्टा साबित हुआ। आईपीएल 2026 में लखनऊ की टीम का प्रदर्शन बेहद लचर रहा और वह 14 मैचों में मात्र 4 जीत के साथ अंक तालिका में सबसे निचले (10वें) पायदान पर रही। पंत का व्यक्तिगत फॉर्म भी चिंता का विषय रहा; उन्होंने पूरे सीजन में केवल 312 रन बनाए और उनके बल्ले से केवल एक अर्धशतक निकला। कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों मोर्चों पर नाकामी के बाद उनकी काफी आलोचना भी हुई।
दिल्ली कैपिटल्स के साथ पुराना नाता
आपको बता दे कि, पंत का दिल्ली कैपिटल्स में लौटना उनके करियर के पुराने अध्याय को फिर से खोलने जैसा है। 2016 से 2024 के बीच वे इसी टीम की पहचान थे। 2021 से 2024 के दौरान उन्होंने दिल्ली की कप्तानी संभाली और कुल 43 मैचों में टीम का नेतृत्व किया। लखनऊ से विदाई के बाद पंत ने सोशल मीडिया पर एक संक्षिप्त लेकिन दिल छू लेने वाला संदेश साझा करते हुए लिखा, “थैंक यू टीम”। दिल्ली कैपिटल्स के प्रशंसकों को उम्मीद है कि पंत की वापसी से टीम में नई ऊर्जा आएगी और वे अपने पुराने फॉर्म में लौट सकेंगे। अब सभी की निगाहें अगले सीजन पर हैं कि क्या पंत अपनी पुरानी टीम के लिए फिर से जादू दिखा पाएंगे।










