Rinku-Priya Wedding: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की शादी को लेकर लंबे समय से इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक दोनों 4 दिसंबर को लखनऊ के रमाडा होटल में शादी के बंधन में बंधेंगे। क्रिकेट और राजनीति से जुड़ी इस चर्चित जोड़ी की शादी को लेकर दोनों के प्रशंसकों के बीच काफी उत्सुकता बनी हुई है।
लखनऊ में होगा रिंकू सिंह और प्रिया सरोज का विवाह

बताते चले कि, रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी के लिए लखनऊ को चुना गया है। दोनों 4 दिसंबर को रमाडा होटल में सात फेरे लेने की तैयारी में हैं। शादी समारोह में क्रिकेट, राजनीति और अन्य क्षेत्रों से जुड़े कई खास मेहमानों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, शादी से जुड़े विस्तृत कार्यक्रम और मेहमानों की आधिकारिक सूची की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
8 जून 2025 को हुई थी रिंकू-प्रिया की सगाई
आपको बता दे कि, शादी से पहले रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई 8 जून 2025 को हुई थी। सगाई की तस्वीरें सामने आने के बाद यह जोड़ी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही थी। तस्वीरों में दोनों बेहद खुश और खूबसूरत नजर आए थे। इस खास समारोह में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, सांसद जया बच्चन, बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और पूर्व क्रिकेटर प्रवीण कुमार समेत कई वीआईपी मेहमान मौजूद रहे थे।
कैसे शुरू हुई रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की प्रेम कहानी?
रिंकू सिंह ने पहले अपनी और प्रिया सरोज की पहली मुलाकात और रिश्ते की शुरुआत को लेकर खुलकर बात की थी। क्रिकेटर के मुताबिक, दोनों के बीच बातचीत की शुरुआत साल 2022 में कोविड के दौर के दौरान हुई थी। उस समय आईपीएल का आयोजन मुंबई में हो रहा था। रिंकू ने बताया था कि सोशल मीडिया के जरिए पहली बार उनकी नजर प्रिया की एक तस्वीर पर पड़ी थी।
सोशल मीडिया पोस्ट देखकर प्रिया पर आया दिल
रिंकू सिंह के मुताबिक, उनका एक फैन पेज था, जिस पर प्रिया सरोज की एक तस्वीर पोस्ट की गई थी। यह तस्वीर उनके गांव में मतदान से जुड़ी थी। रिंकू ने बताया था कि प्रिया की बहन फोटोग्राफी और वीडियो शूट का काम करती हैं और संभव है कि उन्होंने फैन पेज से तस्वीर शेयर करने में मदद मांगी हो। रिंकू ने जब तस्वीर देखी तो उन्हें प्रिया पसंद आ गईं। उन्होंने बताया था कि उसी समय उन्हें लगा कि प्रिया उनके लिए बिल्कुल सही हो सकती हैं।
इंस्टाग्राम लाइक के बाद शुरू हुई बातचीत
रिंकू ने बताया था कि तस्वीर पसंद आने के बावजूद उन्होंने शुरुआत में प्रिया को सीधे मैसेज करने से परहेज किया। बाद में जब प्रिया ने इंस्टाग्राम पर उनकी कुछ तस्वीरों को लाइक किया तो उन्हें बातचीत शुरू करने का मौका मिला। इसके बाद रिंकू ने प्रिया को इंस्टाग्राम पर मैसेज किया और दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई।
2022 में प्यार का एहसास, अब शादी का इंतजार

रिंकू सिंह ने बताया था कि शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती थी, लेकिन एक-दो हफ्ते के भीतर वे नियमित रूप से बात करने लगे। यहां तक कि रिंकू मैचों से पहले भी प्रिया से बातचीत किया करते थे। क्रिकेटर के मुताबिक, इसी दौरान उन्हें 2022 से ही प्रिया के प्रति प्यार का एहसास होने लगा था। अब करीब तीन साल से अधिक समय बाद यह रिश्ता शादी के मुकाम तक पहुंचने जा रहा है।
क्रिकेट और राजनीति की चर्चित जोड़ी बनेगी हमसफर
रिंकू सिंह भारतीय क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचान बना चुके हैं, जबकि प्रिया सरोज समाजवादी पार्टी की सांसद हैं। दोनों की अलग-अलग क्षेत्रों में पहचान होने के कारण उनकी सगाई से लेकर शादी तक हर अपडेट लगातार सुर्खियों में रहा है। अब 4 दिसंबर को लखनऊ में दोनों के सात फेरे लेने की खबर ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है।










