Rinku Singh thanks CM Yogi: भारतीय क्रिकेटर उत्तर प्रदेश की शान रिंकू सिंह के करियर में एक और सुनहरा अध्याय जुड़ गया है। टी20 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रहे रिंकू सिंह को उत्तर प्रदेश सरकार ने ‘क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी’ (Regional Sports Officer – RSO) के पद पर नियुक्त किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खेल और खिलाड़ियों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए रिंकू को न केवल सरकारी नौकरी, बल्कि 3 करोड़ रुपये की भारी-भरकम सम्मान राशि देने की भी घोषणा की है।
सीएम योगी का जताया आभार
बताते चले कि, लखनऊ के लोकभवन में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जॉइनिंग लेटर दिया जाना था, लेकिन आईपीएल 2026 की प्रतिबद्धताओं के कारण रिंकू सिंह व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सके। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के अभ्यास कैंप में व्यस्त रिंकू ने सोशल मीडिया के जरिए अपना वीडियो संदेश साझा किया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि वह इस राजकीय सेवा और सम्मान राशि के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के ऋणी हैं। रिंकू ने जल्द ही लखनऊ जाकर सीएम योगी से मुलाकात करने और अपना कार्यभार संभालने की इच्छा व्यक्त की है।
खेल निदेशालय की योजना
आपको बता दे कि, उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक आर.पी. सिंह ने स्पष्ट किया है कि रिंकू सिंह की क्षेत्रीय खेल अधिकारी (RSO) के रूप में तैनाती उनकी खेल प्रतिभा और प्रशासनिक कौशल को ध्यान में रखकर की गई है। खेल विभाग यह सुनिश्चित करेगा कि रिंकू को उनकी सुविधा के अनुसार जिम्मेदारियां दी जाएं, ताकि वे भारतीय क्रिकेट टीम के लिए अपना योगदान जारी रख सकें। एक द्वितीय श्रेणी राजपत्रित अधिकारी (Group B Gazetted Officer) के रूप में रिंकू स्टेडियमों की देखरेख, खेल गतिविधियों के संचालन और नई प्रतिभाओं को तराशने का काम करेंगे।
विश्व कप के दौरान रिंकू पर टूटा दुखों का पहाड़
रिंकू सिंह के लिए यह सफलता जितनी बड़ी है, पिछला कुछ समय उतना ही चुनौतीपूर्ण रहा है। टी20 विश्व कप 2026 की जीत के जश्न के बीच रिंकू ने अपने पिता को हमेशा के लिए खो दिया। उनके पिता लंबे समय से लिवर कैंसर से जूझ रहे थे और 27 फरवरी को उन्होंने अंतिम सांस ली। रिंकू की कर्तव्यनिष्ठा देखिए कि पिता के अंतिम संस्कार के तुरंत बाद वे फिर से देश के लिए खेलने के लिए टीम इंडिया से जुड़ गए। उनकी यह मानसिक मजबूती और समर्पण आज करोड़ों युवाओं के लिए मिसाल बन गया है।
RSO पद की गरिमा
यूपी सरकार में रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर का पद बेहद प्रभावशाली माना जाता है। इस पद पर नियुक्त अधिकारी का मुख्य कार्य जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देना होता है। रिंकू सिंह को इस पद के लिए करीब 70,000 से 80,000 रुपये का मासिक वेतन और सरकारी भत्ते मिलेंगे। रिंकू अब न केवल एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर हैं, बल्कि उत्तर प्रदेश शासन के एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक अंग भी बन चुके हैं, जो भविष्य के खिलाड़ियों के लिए मार्गदर्शक की भूमिका निभाएंगे।
एक संघर्षपूर्ण सफर का सुखद पड़ाव
अलीगढ़ की गलियों से निकलकर विश्व क्रिकेट पटल पर छाने वाले रिंकू सिंह का सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है। एक समय था जब रिंकू के परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी, लेकिन उनकी मेहनत ने आज उन्हें यूपी सरकार का बड़ा अधिकारी बना दिया है। केकेआर कैंप से फ्री होते ही रिंकू लखनऊ स्थित खेल निदेशालय में अपना पदभार ग्रहण करेंगे। उनकी यह उपलब्धि दर्शाती है कि यदि इरादे मजबूत हों, तो खेल के साथ-साथ करियर के हर मोर्चे पर विजय प्राप्त की जा सकती है।









