Virat Kohli Record: विराट कोहली ने जड़ा यादगार छक्का, आरसीबी ने लगातार दूसरी बार रचा इतिहास

आईपीएल 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब पर कब्जा किया। विराट कोहली ने 42 गेंदों में नाबाद 75 रनों की आतिशी पारी खेलकर जीत सुनिश्चित की। इस जीत के साथ कोहली ने कई नए रिकॉर्ड बनाए और आरसीबी सीएसके-मुंबई के बाद खिताब बचाने वाली तीसरी टीम बन गई।

Virat Kohli Record

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जून 1, 2026

Virat Kohli Record: आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला ऐतिहासिक रहा, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटंस (GT) को 5 विकेट से करारी शिकस्त देकर लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमा लिया। आरसीबी की इस खिताबी जीत के असली नायक ‘रन मशीन’ विराट कोहली रहे। उन्होंने दबाव भरे फाइनल में नाबाद 75 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को चैंपियन बनाने में मुख्य भूमिका निभाई। बेंगलुरु की इस जीत ने साबित कर दिया कि वे वर्तमान में आईपीएल की सबसे मजबूत टीम बन चुके हैं।

विराट कोहली का तूफानी प्रदर्शन

बताते चले कि, फाइनल मैच में विराट कोहली ने अपनी बल्लेबाजी का करिश्मा दिखाया और केवल 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनके आईपीएल करियर का अब तक का सबसे तेज अर्धशतक रहा। दिलचस्प बात यह है कि आईपीएल फाइनल के इतिहास में यह संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है। अपनी 75 रनों की इस यादगार पारी में कोहली ने 9 चौके और 3 छक्के जड़े। इस सीजन कोहली का बल्ला खूब गरजा और वे आरसीबी के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।

विराट कोहली के रिकॉर्ड

आपको बता दे कि, विराट कोहली का यह सीजन व्यक्तिगत रूप से भी बेहद खास रहा। उन्होंने आईपीएल 2026 के 16 मैचों में 165 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट के साथ कुल 675 रन बनाए। इसके साथ ही वे आईपीएल के इतिहास में लगातार चार सीजन में 600 से अधिक रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। 37 साल 207 दिन की उम्र में यह अवॉर्ड जीतते हुए वे फाइनल में ‘मैन ऑफ द मैच’ बनने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बन गए।

गुजरात टाइटंस के खिलाफ रिकॉर्ड तोड़ बल्लेबाजी

कोहली की बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने इस सीजन में गुजरात के गेंदबाज कगिसो रबाडा के खिलाफ अकेले 82 रन बनाए, जो एक सीजन में एक गेंदबाज के खिलाफ किसी बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सर्वाधिक रन हैं। फाइनल में भी, वेंकटेश अय्यर के साथ मिलकर उन्होंने पहले विकेट के लिए महज 27 गेंदों में 62 रनों की साझेदारी की। आरसीबी ने मात्र 3.3 ओवर में 50 रन पूरे कर लिए, जो आईपीएल फाइनल में अब तक का सबसे तेज टीम अर्धशतक है।

आरसीबी ने रचा इतिहास

गुजरात टाइटंस द्वारा दिए गए 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने 18वें ओवर में ही जीत दर्ज कर ली। मैच का समापन विराट कोहली के उस शानदार छक्के से हुआ, जो उन्होंने अरशद खान की गेंद पर जड़ा। इस जीत के साथ ही आरसीबी चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस की श्रेणी में शामिल हो गई है, जिन्होंने आईपीएल में अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया है। बेंगलुरु के प्रशंसकों के लिए यह जीत किसी उत्सव से कम नहीं है, क्योंकि आरसीबी ने एक बार फिर अपनी बादशाहत कायम की है।