RCB vs PBKS: आईपीएल 2026 के 61वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को 23 रनों से हराकर प्लेऑफ में क्वालीफाई कर लिया। इस सीजन आरसीबी की यह 9वीं जीत रही और लगातार तीसरी जीत के साथ टीम 13 मैचों में 18 अंकों के साथ शीर्ष पर बनी हुई है। वहीं पंजाब किंग्स को लगातार छठी हार का सामना करना पड़ा और अब उनके लिए प्लेऑफ की राह बेहद कठिन हो गई है।
IPL 2026: चेपॉक में हाई-वोल्टेज मुकाबला, सनराइजर्स हैदराबाद बनाम चेन्नई सुपर किंग्स
वेंकटेश और विराट की शानदार पारियां
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 222 रन बनाए। टीम की ओर से वेंकटेश अय्यर ने नाबाद 73 रन (40 गेंद, आठ चौके, चार छक्के) और विराट कोहली ने 58 रन (37 गेंद, चार चौके, तीन छक्के) की दमदार पारियां खेलीं। इन दोनों बल्लेबाजों की साझेदारी ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
पंजाब की कमजोर शुरुआत
223 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। प्रियांश आर्य बिना खाता खोले आउट हुए और प्रभसिमरन सिंह भी सिर्फ दो रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कप्तान श्रेयस अय्यर भी तीन गेंद में एक रन बनाकर आउट हो गए। शुरुआती झटकों ने पंजाब को बैकफुट पर धकेल दिया।
शशांक सिंह की फाइटिंग पारी
पंजाब के लिए शशांक सिंह ने 27 गेंदों में 56 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल थे। हालांकि उनकी पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी और सिर्फ हार के अंतर को कम कर पाई। इसके अलावा कूपर कोनोली (37 रन), सूर्यांश शेडगे (35 रन) और मार्कस स्टोइनिस (37 रन) ने योगदान दिया, लेकिन कोई भी बल्लेबाज जरूरी रन रेट के हिसाब से नहीं खेल सका।
आरसीबी के गेंदबाजों का जलवा
आरसीबी की जीत में गेंदबाजों का भी अहम योगदान रहा। भुवनेश्वर कुमार ने दो विकेट और रसिख डार सलाम ने तीन विकेट चटकाए। पंजाब की टीम 20 ओवर में 199 रन ही बना सकी और मैच 23 रनों से हार गई।
प्लेऑफ समीकरण
पंजाब की हार से प्लेऑफ की रेस और दिलचस्प हो गई है। इस हार से चेन्नई सुपर किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स को फायदा हुआ है। वहीं आरसीबी प्लेऑफ में जगह बनाने वाली पहली टीम बन गई है।










