RCB vs LSG: विराट कोहली की शानदार पारी, आरसीबी ने लखनऊ को 5 विकेट से धोया

IPL 2026 के 23वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 5 विकेट से धूल चटा दी। चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में लखनऊ का बल्लेबाजी क्रम पूरी तरह फ्लॉप रहा और कोई भी खिलाड़ी अर्धशतक तक नहीं पहुँच सका।

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

अप्रैल 16, 2026

RCB vs LSG: आईपीएल 2026 का रोमांच अपने चरम पर है। 15 अप्रैल को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपने घरेलू दर्शकों के सामने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 5 विकेट से करारी शिकस्त दी। टॉस जीतकर आरसीबी के कप्तान ने पहले गेंदबाजी का साहसिक फैसला किया, जिसे उनके गेंदबाजों ने पूरी तरह सही साबित कर दिखाया।

32 की उम्र में विक्टर एक्सेलसन का रिटायरमेंट, बैडमिंटन जगत को झटका

आरसीबी के गेंदबाजों के सामने बेबस दिखे बल्लेबाज

पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। आरसीबी की घातक गेंदबाजी के सामने लखनऊ का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहा और पूरी टीम 20 ओवरों में मात्र 146 रनों पर सिमट गई। सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श ने टीम के लिए सर्वाधिक 40 रन (32 गेंद) बनाए, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल थे। हालांकि, दूसरे छोर से उन्हें सहयोग नहीं मिला। एडेन मार्करम (12) और कप्तान ऋषभ पंत (12) सस्ते में पवेलियन लौट गए। स्टार फिनिशर निकोलस पूरन भी मात्र 1 रन बनाकर चलते बने।

संकट के समय आयुष बदोनी ने 24 गेंदों में 38 रनों की उपयोगी पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की। अंत में मुकुल चौधरी ने 28 गेंदों में 39 रनों का योगदान देकर लखनऊ को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुँचाया।

आरसीबी की घातक गेंदबाजी

बेंगलुरु की जीत की नींव उनके गेंदबाजों ने रखी। युवा तेज गेंदबाज रसिख सलाम डार मैच के हीरो रहे, जिन्होंने 4 ओवर में मात्र 24 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके। वहीं, अनुभवी भुवनेश्वर कुमार ने अपनी स्विंग का जादू बिखेरते हुए 27 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जिससे लखनऊ की कमर टूट गई।

बेंगलुरु का रन-चेज़

147 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत भी खराब रही। सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट (7) जल्दी आउट हो गए, लेकिन इसके बाद ‘किंग’ विराट कोहली ने मोर्चा संभाला। कोहली ने 34 गेंदों में 49 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 1 गगनचुंबी छक्का शामिल था। हालांकि वह अपने अर्धशतक से चूक गए, लेकिन उन्होंने टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। मध्यक्रम में कप्तान रजत पाटीदार ने केवल 13 गेंदों में 27 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि जितेश शर्मा ने 9 गेंदों में नाबाद 23 रन बनाकर मैच को जल्दी खत्म कर दिया। आरसीबी ने मात्र 15.1 ओवर में 5 विकेट खोकर 149 रन बना लिए और धमाकेदार जीत दर्ज की।

IPL 2026 में अजिंक्य रहाणे की कप्तानी पर संकट, पहले भी झेल चुके हैं कप्तानी का दबाव