IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 26वें मुकाबले में आज एक नया इतिहास रचा गया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच चिन्नास्वामी स्टेडियम में भिड़ंत हो रही है। यह मैच केवल जीत-हार के लिए ही नहीं, बल्कि आरसीबी के ‘गो ग्रीन’ अभियान और एक खास वेन्यू पर मैचों के शतक के कारण चर्चा में है।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश और ‘गो ग्रीन’ जर्सी का रोमांच
बताते चले कि, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम आज अपने पारंपरिक लाल रंग को छोड़कर ग्रीन जर्सी (Green Jersey) में मैदान पर उतरी है। आरसीबी हर सीजन में एक मैच पर्यावरण जागरूकता अभियान के तहत हरी जर्सी पहनकर खेलती है, ताकि लोगों को पृथ्वी को बचाने और इको-फ्रेंडली विकल्प चुनने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। हालांकि, अगर आंकड़ों पर नजर डालें तो ग्रीन जर्सी में टीम का ट्रैक रिकॉर्ड (Performance Record) बहुत प्रभावशाली नहीं रहा है। अब तक खेले गए 15 ‘गो ग्रीन’ मुकाबलों में बेंगलुरु को केवल 5 मैचों में जीत मिली है, जबकि 9 बार उसे हार का स्वाद चखना पड़ा है।
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी का विजय रथ
आपको बता दे कि, दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ यह मुकाबला आरसीबी अपने होमग्राउंड (Home Ground) एम चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में खेल रही है। इस सीजन में चिन्नास्वामी आरसीबी के लिए किसी अभेद्य किले से कम नहीं रहा है। बेंगलुरु की टीम ने इस साल यहाँ अपने सभी मैच जीते हैं। उन्होंने पहले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को धूल चटाई, दूसरे मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को मात दी और तीसरे मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को करारी शिकस्त दी। घरेलू दर्शकों के समर्थन के बीच टीम इस सीजन की अपनी जीत की लय को बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर है।
एक ही मैदान पर 100 मैच खेलने वाली पहली टीम
आज का दिन आईपीएल के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया क्योंकि आरसीबी एक वेन्यू पर 100 मुकाबले (100 matches at a single venue) खेलने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है। चिन्नास्वामी के मैदान पर उतरते ही रजत पाटीदार की कप्तानी वाली इस टीम ने इतिहास रच दिया। इस सूची में कोलकाता नाइट राइडर्स दूसरे स्थान पर है, जिसने ईडन गार्डन्स में 98 मैच खेले हैं। वहीं, मुंबई इंडियंस 95 मैचों के साथ वानखेड़े स्टेडियम में तीसरे नंबर पर काबिज है। यह उपलब्धि आरसीबी के अपने मैदान और प्रशंसकों के प्रति गहरे जुड़ाव को दर्शाती है।
टॉस का फैसला और कप्तान रजत पाटीदार की रणनीति
टॉस के समय बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार (Rajat Patidar) ने अपनी टीम की योजना को स्पष्ट किया। भले ही वह टॉस हार गए हों, लेकिन उन्होंने कहा कि वह पहले बल्लेबाजी मिलने से खुश हैं। पाटीदार के अनुसार, दिन का मैच होने के कारण पिच अच्छी दिख रही है और उनकी रणनीति एक बड़ा स्कोर खड़ा कर दिल्ली कैपिटल्स को दबाव में डालने की है। ग्रीन जर्सी के महत्व पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह पहल लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का एक जरिया है। अब देखना यह होगा कि क्या आरसीबी अपने 100वें घरेलू मैच को जीत के साथ यादगार बना पाती है या दिल्ली की टीम इस जश्न में खलल डालेगी।









