Vijay Mallya on RCB Sale: 16,500 करोड़ रुपये में बिकी RCB, विजय माल्या ने याद किया ‘विराट’ सफर

IPL 2026 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को आदित्य बिड़ला समूह और टाइम्स ऑफ इंडिया के कंसोर्टियम ने 16,500 करोड़ रुपये में खरीद लिया है। पूर्व मालिक विजय माल्या ने इस ऐतिहासिक सौदे पर खुशी जताते हुए 2008 के अपने 450 करोड़ के निवेश और विराट कोहली के साथ के सफर को याद किया।

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

मार्च 26, 2026

Vijay Mallya on RCB Sale: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के आगामी सीजन से पहले क्रिकेट जगत में एक बड़ा धमाका हुआ है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के मालिकाना हक में बड़ा बदलाव हुआ है। आदित्य बिड़ला समूह, टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप और बोल्ट वेंचर्स के एक शक्तिशाली कंसोर्टियम ने मिलकर आरसीबी को खरीद लिया है। यह सौदा लगभग 16,500 करोड़ रुपये में हुआ है, जो खेल जगत के इतिहास में अब तक के सबसे महंगे सौदों में से एक माना जा रहा है।

बेंगलुरु फ्रेंचाइजी का नया स्वामित्व

बताते चले कि, इस मेगा डील ने आईपीएल की ब्रांड वैल्यू को एक नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है। आदित्य बिड़ला समूह और उनके सहयोगियों ने इस फ्रेंचाइजी को हासिल कर खेल बाजार में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। जानकारों का मानना है कि इस रिकॉर्ड-तोड़ ट्रांजेक्शन के बाद टीम की मार्केटिंग और रणनीतिक दिशा में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। 2008 में शुरू हुआ यह सफर अब एक नए कॉरपोरेट युग में प्रवेश कर चुका है।

विजय माल्या का पलटवार

इस ऐतिहासिक बिक्री पर टीम के पूर्व मालिक विजय माल्या ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने उन दिनों को याद किया जब 2008 में उन्होंने महज 450 करोड़ रुपये में इस टीम को खरीदा था। माल्या ने कहा, “जब मैंने आरसीबी को खरीदा था, तब लोगों ने मेरा मजाक उड़ाया था और इसे एक ‘वैनिटी प्रोजेक्ट’ (दिखावे का सौदा) करार दिया था।” उन्होंने गर्व के साथ साझा किया कि उनका वह शुरुआती निवेश आज 37 गुना बढ़ चुका है, जो उनके व्यापारिक विजन की जीत को दर्शाता है।

पोस्ट में विराट कोहली का जिक्र

माल्या ने अपने पोस्ट में विशेष रूप से विराट कोहली का जिक्र किया। उन्होंने याद दिलाया कि कैसे एक समय में उन्होंने एक युवा और उभरते हुए विराट कोहली पर भरोसा जताया था, जो आज क्रिकेट की दुनिया के सबसे महान बल्लेबाज बन चुके हैं। माल्या के अनुसार, आरसीबी का नाम ‘रॉयल चैलेंज’ ब्रांड को प्रमोट करने के लिए रखा गया था, लेकिन आज यह नाम कोहली और प्रशंसकों के जुनून की वजह से घर-घर में मशहूर है। बेंगलुरु ही नहीं, बल्कि दिल्ली, मुंबई और पंजाब जैसे शहरों में भी टीम की जो भारी फैन फॉलोइंग है, उसका श्रेय काफी हद तक कोहली को ही जाता है।

प्रशंसकों के प्रति आभार

अपने संदेश के अंत में विजय माल्या भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि “आरसीबी हमेशा मेरे डीएनए का हिस्सा रहेगी।” उन्होंने नए मालिकों को बधाई देते हुए भगवान से उनकी सफलता की प्रार्थना की। साथ ही, उन्होंने उन वफादार प्रशंसकों का शुक्रिया अदा किया जो उतार-चढ़ाव के बावजूद टीम के साथ डटे रहे। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए प्रबंधन के तहत टीम न केवल मैदान पर जीत हासिल करेगी, बल्कि दुनिया की सबसे मूल्यवान स्पोर्ट्स फ्रेंचाइजी के रूप में अपना दबदबा कायम रखेगी।