IPL 2026: RCB ने दोबारा परेड न निकालने का लिया बड़ा फैसला? जानें पूरी सच्चाई

लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब जीतने वाली आरसीबी ने इस बार बेंगलुरु में विजय परेड नहीं निकालने का साहसी फैसला लिया है। पिछले साल की दुखद भगदड़ और मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह की सुरक्षा चिंताओं के कारण प्रशासन और फ्रेंचाइजी ने यह निर्णय लिया है। पुलिस ने भी सार्वजनिक जश्न पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।

IPL 2026

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जून 1, 2026

IPL 2026: लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब अपने नाम करने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने इस बार जश्न के स्वरूप को पूरी तरह बदल दिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस को धूल चटाकर चैंपियन बनने के बाद, फ्रेंचाइजी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि बेंगलुरु में कोई भी विजय परेड आयोजित नहीं की जाएगी। प्रबंधन ने यह कड़ा फैसला पिछले साल हुए दर्दनाक हादसे के सबक को ध्यान में रखते हुए लिया है, ताकि प्रशंसकों की अत्यधिक भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

सुरक्षा व्यवस्था की चुनौतियां

बताते चले कि, इस निर्णय के पीछे एक महत्वपूर्ण कारण राज्य की राजनीतिक हलचल भी है। कर्नाटक में 3 जून को डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। उनका शपथ ग्रहण समारोह चिन्नास्वामी स्टेडियम के समीप स्थित लोक भवन में शाम 4:10 बजे निर्धारित है। इस कार्यक्रम में राज्य भर के दिग्गज नेताओं और हजारों समर्थकों के जुटने की संभावना है। ऐसे में बेंगलुरु पुलिस और प्रशासन के लिए एक ही समय में दो बड़े ‘हाई-वोल्टेज’ कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था संभालना लगभग असंभव होता। इस स्थिति को भांपते हुए आरसीबी प्रबंधन ने सार्वजनिक भीड़ से परहेज करने का उचित कदम उठाया है।

पिछले साल की दुखद भगदड़

आरसीबी के इस फैसले के पीछे 4 जून 2025 की वह दुखद घटना है, जब विजय परेड के दौरान मची भगदड़ में 11 प्रशंसकों ने अपनी जान गंवा दी थी। उस हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था और राज्य सरकार ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए थे। उस घटना के बाद से ही शहर में सुरक्षा को लेकर काफी सख्ती बरती जा रही है। प्रशंसकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अब प्राथमिकता है, जिसके कारण प्रबंधन किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता।

बेंगलुरु पुलिस की सख्त एडवाइजरी और जश्न पर पाबंदी

आपको बता दे कि, बेंगलुरु पुलिस ने पहले ही एक सख्त एडवाइजरी जारी कर दी थी। पुलिस आयुक्त सीमांथ कुमार सिंह ने साफ कर दिया है कि किसी भी प्रकार के सार्वजनिक जश्न या सड़क पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से सड़कों पर उतरने के बजाय अपने घरों में रहकर शांतिपूर्ण तरीके से जीत का आनंद लेने की अपील की है। आरसीबी के आधिकारिक सूत्रों ने भी पुष्टि की है कि सभी दिशानिर्देशों का पालन किया जा रहा है ताकि शहर की कानून-व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित रहे।

खिलाड़ियों की रवानगी और आगामी राष्ट्रीय जिम्मेदारियां

आईपीएल के सफल समापन के बाद अब आरसीबी के खिलाड़ी अपनी अगली अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं की ओर बढ़ रहे हैं। टीम के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम के साथ मुल्लांपुर के लिए रवाना हो रहे हैं। वहीं, जोश हेजलवुड, टिम डेविड, जैकब डफी और रोमारियो शेफर्ड जैसे विदेशी खिलाड़ी भी अपनी-अपनी राष्ट्रीय टीमों का प्रतिनिधित्व करने के लिए स्वदेश वापस लौट रहे हैं। एक खिलाड़ी के तौर पर यह सीजन सभी के लिए यादगार रहा है।