Rassie van der Dussen: रासी वैन डेर डुसेन के अचानक रिटायरमेंट से भावुक हुए फैंस, पत्नी के लिए लिखा खास संदेश

आईपीएल 2026 के रोमांचक माहौल के बीच क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बेहद मायूस करने वाली खबर सामने आई है। दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज और धाकड़ बल्लेबाज रासी वैन डेर डुसेन ने अचानक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों (टेस्ट, वनडे और टी20) से संन्यास की घोषणा कर दी है, जिससे पूरा खेल जगत हैरान है।

rassie van der dussen

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अप्रैल 2, 2026

Rassie van der Dussen: भारत में इन दिनों दुनिया की सबसे लोकप्रिय क्रिकेट लीग यानी आईपीएल 2026 का खुमार छाया हुआ है। 28 मार्च से शुरू हुए इंडियन प्रीमियर लीग के इस 19वें सीजन में अब तक कुल 5 धमाकेदार मुकाबले खेले जा चुके हैं। फैंस जहां चौकों-छक्कों की बारिश का आनंद ले रहे हैं, वहीं इसी बीच क्रिकेट गलियारों से एक बेहद मायूस और दिल तोड़ने वाली खबर सामने आई है। दक्षिण अफ्रीका के एक चहेते और धाकड़ बल्लेबाज ने इंटरनेशनल क्रिकेट को हमेशा-हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है।

दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट में एक युग का अंत

क्रिकेट जगत को हैरान करते हुए दक्षिण अफ्रीका के दाएं हाथ के बेहतरीन बल्लेबाज रासी वैन डेर डुसेन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अचानक संन्यास की घोषणा कर दी है। उन्होंने टेस्ट, वनडे और टी20 यानी खेल के तीनों ही प्रारूपों से अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं। इस दिग्गज प्रोटियाज खिलाड़ी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक लंबी और भावुक पोस्ट साझा की। इस विदाई संदेश में उन्होंने अपनी धर्मपत्नी, देशवासियों, चाहने वालों, साथी खिलाड़ियों और अपने सभी कोचों के प्रति दिल से आभार प्रकट किया।

‘प्रोटियाज जर्सी पहनना मेरे जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि’

वैन डेर डुसेन ने अपनी पोस्ट में लिखा, “प्रोटियाज की जर्सी पहनना एक ऐसी अभूतपूर्व उपलब्धि है, जिसके लिए अटूट समर्पण और कड़ी मेहनत की जरूरत होती है। यह सफर आपकी परीक्षा भी लेता है और फिर आपको सबसे खूबसूरत तरीके से नवाजता भी है। अपने वतन के लिए मैदान पर उतरना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। यह पूरा सफर सालों के कड़े त्याग से बना है, लेकिन दक्षिण अफ्रीका का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलना हर एक कठिन पल की भरपाई कर देता है।”

युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक संदेश

उन्होंने आगे आने वाले युवा क्रिकेटरों और युवाओं को प्रेरित करते हुए एक बेहतरीन सीख दी। उन्होंने लिखा, “मेरी युवा खिलाड़ियों को हमेशा यही सलाह रही है और आगे भी रहेगी कि हमेशा बड़े सपने देखो और उन्हें सच करने के लिए अपना सब कुछ दांव पर लगा दो। मैंने कभी भी खुद को दूसरों से अधिक खास या जन्मजात प्रतिभाशाली खिलाड़ी नहीं माना। लेकिन सिर्फ यह सच कि मैंने अपने सबसे बड़े सपने को असल जिंदगी में जी लिया है, इस बात का सबसे बड़ा सबूत है कि आप भी ऐसा बिल्कुल कर सकते हैं, चाहे आपका सपना कुछ भी हो।”

पत्नी के बलिदान को किया सलाम

अपने जीवन के इस सबसे बड़े फैसले पर उन्होंने अपनी पत्नी के अनगिनत बलिदानों को भी याद किया। उन्होंने बेहद इमोशनल होते हुए लिखा, “तुम मेरे इस सफर के हर एक छोटे-बड़े कदम पर हमेशा मेरे साथ मजबूती से खड़ी रही हो। तुमने मेरी जिंदगी के सबसे शानदार ऊंचे पलों और बहुत मुश्किल भरे निचले दौरों को भी बेहद सहानुभूति, गरिमा और शक्ति के साथ पार किया है। तुम सचमुच मेरी सबसे बड़ी हौसला बढ़ाने वाली ताकत रही हो, जिसके बिना मैं यह मुकाम कभी हासिल नहीं कर पाता।”

फैंस के प्यार और क्रिकेट को शुक्रिया

अपने संदेश के आखिरी हिस्से में उन्होंने फैंस से मिले बेशुमार प्यार को याद किया। उन्होंने लिखा, “सड़कों पर अपने नाम की गूंज सुनने जैसा अहसास या फिर दर्शकों से खचाखच भरे वांडरर्स स्टेडियम में जब मैं बैटिंग के लिए उतरता था और लोग मेरा नाम चिल्लाते थे, वह किसी जादुई सपने जैसा अनुभव था। वह कनेक्शन शब्दों में बयां करना नामुमकिन है और वे भावनाएं ताउम्र मेरे साथ रहेंगी। मुझे इस अद्भुत खेल की कहानी का हिस्सा बनाने के लिए धन्यवाद। क्रिकेट ने मुझे सब कुछ दिया है और मैं अपनी जिंदगी का कर्ज इसी पर मानता हूं।”