Ramayana Teaser Release: भारतीय सिनेमा की सबसे प्रतीक्षित फिल्मों में से एक, नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ का ‘रामा’ टीज़र आखिरकार रिलीज़ कर दिया गया है। प्रभु श्री राम के अवतार में रणबीर कपूर के अलौकिक लुक ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया है। इस टीज़र का फैंस लंबे समय से बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे। अब जैसे ही यह वीडियो सामने आया है, इसने सोशल मीडिया के हर प्लेटफॉर्म पर धूम मचा दी है। हर कोई रणबीर के इस नए और शांत लुक की तारीफों के पुल बांध रहा है।
राम अवतार में रणबीर कपूर के लुक ने जीता फैंस का दिल
‘रामायण’ के इस विशेष ‘रामा’ टीज़र में अभिनेता रणबीर कपूर मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के रूप में बेहद दिव्य, सौम्य और प्रभावशाली नजर आ रहे हैं। इस टीज़र को फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर जारी किया है। टीज़र में रणबीर कपूर के राम लुक को बहुत ही खूबसूरती और भव्यता के साथ पर्दे पर उतारा गया है। रणबीर ने केवल इस छोटे से टीज़र से ही दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बना ली है। सोशल मीडिया पर उनके सधे हुए अभिनय और चेहरे के दिव्य भावों की जमकर सराहना हो रही है।
रावण बने सुपरस्टार यश की पहली झलक
इस शानदार टीज़र में रणबीर कपूर के लुक के साथ-साथ इसका बैकग्राउंड म्यूजिक भी रोंगटे खड़े कर देने वाला है। 2 मिनट 38 सेकंड के इस टीज़र का हर एक फ्रेम दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब रहा है। जहाँ टीज़र के ज्यादातर दृश्यों में रणबीर कपूर ही राम बनकर अपनी आभा बिखेरते नजर आए, वहीं टीज़र के बिल्कुल आखिरी हिस्से में रावण की भूमिका निभा रहे कन्नड़ सुपरस्टार यश की भी एक रहस्यमयी और दमदार झलक दिखाई गई है। इसके अलावा टीज़र में सोने का चमचमाता ‘पुष्पक विमान’ भी दिखाया गया है जो काफी भव्य लग रहा है। इससे यह पूरी तरह साफ हो गया है कि सिनेमाघरों में इस फिल्म का म्यूजिक और वर्ल्ड-क्लास वीएफएक्स (VFX) ऑडियंस को एक जादुई अनुभव देने वाला है।
दिवाली 2026 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी ‘रामायण’
रणबीर कपूर और रॉकिंग स्टार यश की यह मेगा बजट फिल्म साल 2026 में दिवाली के महापर्व के खास मौके पर बड़े पर्दे पर रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। अगर इस ड्रीम प्रोजेक्ट की स्टारकास्ट की बात करें तो फिल्म में रणबीर कपूर के अलावा यश, माता सीता के किरदार में साउथ एक्ट्रेस साई पल्लवी और हनुमान जी के रोल में सनी देओल जैसे दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। मेकर्स ने इस महाकाव्य को और भी बड़े स्तर पर दिखाने के लिए इसे 2 पार्ट्स में रिलीज करने का फैसला किया है। फिल्म का पहला पार्ट इसी साल यानी दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में आएगा, जबकि इसका दूसरा और अंतिम पार्ट साल 2027 की दिवाली पर दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा।










