Ram Gopal Yadav Statement: नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में ‘एटीएम’ और ‘राजशाही’ जैसे शब्दों को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा समाजवादी पार्टी (सपा) पर नोएडा को ‘लूट का एटीएम’ बनाने के आरोप लगाए जाने के बाद, सपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद राम गोपाल यादव ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने संसद परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए आरोप लगाया कि देश में अब लोकतंत्र की जगह राजशाही हावी होती जा रही है। आइए जानते हैं इस पूरे सियासी घमासान और राम गोपाल यादव के बयानों की बड़ी बातें।
राम गोपाल यादव का पलटवार
बताते चले कि, संसद भवन के बाहर पत्रकारों से मुखातिब होते हुए समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता प्रोफेसर राम गोपाल यादव ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने देश की मौजूदा लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा, “आज देश में लोकतंत्र पूरी तरह खत्म होने की कगार पर है। हमारा मुल्क अब धीरे-धीरे राजशाही (तानाशाही व्यवस्था) की तरफ कदम बढ़ा रहा है, जहां राजा खुद को सर्वोपरि मानता है और यह समझता है कि वह कभी कोई गलती कर ही नहीं सकता।”
पीएम मोदी का समाजवादी पार्टी पर बड़ा हमला
दरअसल, यह पूरा विवाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान के बाद शुरू हुआ जो उन्होंने जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण के भव्य उद्घाटन समारोह के दौरान दिया था। पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए सपा पर तीखा प्रहार किया था और कहा था, “पिछली समाजवादी पार्टी की सरकार ने विकास की कद्र नहीं की और नोएडा को सिर्फ अपनी ‘लूट का एटीएम’ बनाकर रख दिया था। लेकिन आज भाजपा की ‘डबल-इंजन’ सरकार के तहत उत्तर प्रदेश देश के विकास का सबसे बड़ा इंजन बनकर उभर रहा है।”
11,200 करोड़ का नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट
आपकी जानकारी के लिए बता दे कि, प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को जिस महत्वाकांक्षी परियोजना का लोकार्पण किया, वह भारत के सबसे आधुनिक हवाई अड्डों में से एक है। इस एयरपोर्ट के पहले चरण को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के आधार पर बेहद खूबसूरती से तैयार किया गया है। इसे पूरा करने में लगभग 11,200 करोड़ रुपये का भारी-भरकम कुल निवेश हुआ है। पीएम मोदी ने इस दौरान कांग्रेस और सपा दोनों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि 2004 से 2014 के बीच इन दलों ने इस प्रोजेक्ट को लटकाए रखा, जिसका श्रेय अब एनडीए सरकार को जाता है।
अमेरिकी राजनीति पर सपा सांसद की भविष्यवाणी
घरेलू राजनीति से इतर जब पत्रकारों ने राम गोपाल यादव से अमेरिका के आंतरिक राजनीतिक घटनाक्रमों और वैश्विक हालातों पर सवाल पूछा, तो उन्होंने एक बेहद चौंकाने वाला दावा कर दिया। सपा सांसद ने कहा कि अमेरिका में होने वाले आगामी मध्यावधि चुनावों (Midterm Elections) के बाद रिपब्लिकन नेता डोनाल्ड ट्रंप को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने भविष्यवाणी करते हुए कहा, “ट्रंप सत्ता में लंबे समय तक नहीं टिक पाएंगे; उन पर महाभियोग चलाकर उन्हें पद से हटा दिया जाएगा।”
अमेरिकी संसद का गणित
गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप अपने पिछले कार्यकालों में भी दो बार (साल 2019 और 2021 में) अमेरिकी प्रतिनिधि सभा (House of Representatives) द्वारा महाभियोग का सामना कर चुके हैं। हालांकि, दोनों ही बार रिपब्लिकन बहुमत वाली सीनेट ने उन्हें बरी कर दिया था। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यदि आगामी अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में विपक्षी डेमोक्रेट्स प्रतिनिधि सभा में 3 सीटें और सीनेट में 4 सीटें जीतने में कामयाब हो जाते हैं, तो ट्रंप के लिए मुश्किलें यकीनन बढ़ सकती हैं।









