Rajpal Yadav launches YouTube channel: बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन और दिग्गज अभिनेता राजपाल यादव एक बार फिर चर्चा में हैं। हाल ही में 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल से अंतरिम जमानत पर बाहर आने के बाद, उन्होंने अपनी जिंदगी का एक नया अध्याय शुरू करने का फैसला किया है। राजपाल यादव ने आधिकारिक तौर पर अपना यूट्यूब चैनल लॉन्च कर दिया है, जिसके जरिए वे सीधे अपने प्रशंसकों से जुड़ेंगे।
Neil Sedaka Death: नहीं रहे मशहूर गायक-गीतकार नील सेडाका, 86 की उम्र में ली अंतिम सांस
‘राजपाल नौरंग यादव’ के नाम से शुरू किया आधिकारिक चैनल
बताते चले कि, राजपाल यादव ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा करते हुए अपने नए डिजिटल सफर की घोषणा की। उन्होंने बताया कि वे काफी समय से इस “नए चैप्टर” की तैयारी कर रहे थे। इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में उन्होंने कहा, “हाय दोस्तों, मैं आपका राजपाल हूँ। मुझे आपको यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि जिस पल का मैं इंतजार कर रहा था, वह आ गया है। मेरा यूट्यूब चैनल आज से लॉन्च हो रहा है और इसका नाम ‘राजपाल नौरंग यादव’ है।” अभिनेता ने इस नई शुरुआत के लिए अपने करोड़ों प्रशंसकों से दुआएं और आशीर्वाद मांगा है।
हर उम्र के दर्शकों के लिए ‘हेल्दी एंटरटेनमेंट’ का मिशन
अपने यूट्यूब प्लेटफॉर्म के पीछे के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए राजपाल ने इसे ‘सेहतमंद मनोरंजन’ से जोड़ा। उन्होंने कहा कि उनके चैनल का मिशन बच्चों, बूढ़ों और जवानों, यानी हर आयु वर्ग के लोगों को एक जैसा आनंद देना है। अभिनेता के मुताबिक, “अच्छे ब्लड सर्कुलेशन के लिए ढेर सारा हेल्दी एंटरटेनमेंट जरूरी है।” उन्होंने अपने प्रशंसकों से इस चैनल को अपना समझने, इसे सब्सक्राइब करने और वीडियो को खूब शेयर करने की अपील की है ताकि वे घर-घर तक हंसी पहुँचा सकें।
तिहाड़ जेल से रिहाई और प्रशंसकों का आभार प्रदर्शन
लगभग एक सप्ताह पहले ही राजपाल यादव को चेक बाउंस मामले में राहत मिली थी। जेल से बाहर आने के तुरंत बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक सादा लेकिन दिल को छू लेने वाला संदेश पोस्ट किया था। उन्होंने हिंदी में लिखा, “आप सभी के प्यार और सपोर्ट के लिए दिल से शुक्रिया।” जेल से रिहा होने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा था कि देश के हर वर्ग का समर्थन उनके साथ है, जो उन्हें कठिन समय में भी मजबूती देता है।
दिल्ली हाई कोर्ट से 18 मार्च तक मिली अंतरिम जमानत
राजपाल यादव की मुश्किलें अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें शाहजहांपुर में अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए 18 मार्च तक अंतरिम जमानत दी है। सुनवाई के दौरान उनके वकील ने अदालत को सूचित किया कि अभिनेता ने 1.5 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट (DD) जमा कर दिया है। जमानत की शर्तों के तहत उन्हें अपना पासपोर्ट भी सरेंडर करना पड़ा है। इस हाई-प्रोफाइल मामले की अगली सुनवाई 18 मार्च को निर्धारित की गई है।
दो दशकों का बेमिसाल सफर
अपनी अद्भुत कॉमिक टाइमिंग के लिए मशहूर राजपाल यादव दो दशकों से अधिक समय से बॉलीवुड का एक अनिवार्य हिस्सा रहे हैं। ‘हंगामा’, ‘भूल भुलैया’, ‘चुप चुप के’ और ‘वक्त’ जैसी फिल्मों में उनके किरदारों को आज भी मीम्स और वीडियो के जरिए याद किया जाता है। हालांकि हालिया कानूनी विवादों ने उनकी छवि और काम पर असर डाला था, लेकिन अब अपने नए यूट्यूब चैनल के जरिए वे अपनी कला को फिर से स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं।









