UP News: राजनाथ सिंह से मुलायम सिंह के पद्म विभूषण पर सवाल, जवाब ने खींचा ध्यान

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत पद्म विभूषण दिए जाने पर सवाल पूछा गया। पत्रकार के सवाल पर राजनाथ सिंह ने कहा, 'चलिए देखते हैं, उसके कई कारण थे।' जानिए क्या है पूरा मामला और 2008 में समाजवादी पार्टी ने यूपीए सरकार को समर्थन क्यों दिया था।

UP News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अक्टूबर 16, 2026

Advertisements
728x90-Kanya-Sumangla-Mission-Shakti-Digital

UP News: रक्षा मंत्री और लखनऊ से बीजेपी सांसद राजनाथ सिंह ने शुक्रवार, 16 अक्टूबर को लखनऊ स्थित बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के पुराने राजनीतिक रिश्तों पर अपनी बात रखी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के आखिर में उनसे दिवंगत सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव को पद्म विभूषण दिए जाने को लेकर सवाल पूछा गया। इस सवाल पर राजनाथ सिंह का जवाब चर्चा में आ गया।

मुलायम सिंह यादव को पद्म विभूषण देने पर क्या बोले राजनाथ सिंह?

मुलायम सिंह यादव को पद्म विभूषण देने पर क्या बोले राजनाथ सिंह?

बताते चले कि, प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म होने वाली थी और राजनाथ सिंह वहां से निकलने की तैयारी कर रहे थे। तभी एक पत्रकार ने उनसे सवाल किया, ”गोली चलवाने वाले को आपने पद्म पुरस्कार दिया?” सवाल सुनकर राजनाथ सिंह रुक गए और दोबारा बैठकर पत्रकार की बात सुनने लगे। इस दौरान उन्होंने अपने बगल में बैठे उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी से कहा, ”एक मिनट…” इसके बाद पत्रकार ने मुलायम सिंह यादव को पद्म विभूषण दिए जाने से जुड़ा सवाल पूरा किया। जवाब में राजनाथ सिंह ने कहा, ”चलिए देखते हैं। उसके कई कारण थे। बहुत-बहुत धन्यवाद।” इतना कहने के बाद उन्होंने बात खत्म कर दी। इस तरह मुलायम सिंह यादव को सम्मान दिए जाने के पीछे के कारणों पर उन्होंने विस्तार से कुछ नहीं कहा।

रामभक्तों पर गोली चलाने और कांग्रेस को समर्थन देने का मुद्दा क्यों उठा?

दरअसल, इसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजनाथ सिंह ने कांग्रेस के शासनकाल और समाजवादी पार्टी के साथ उसके राजनीतिक रिश्तों का जिक्र किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दौर में तीन ऐसे काम हुए, जिन्हें वह अक्षम्य अपराध मानते हैं। राजनाथ सिंह ने साल 1975 में लगी इमरजेंसी, 1984 में सिखों के नरसंहार और साल 1990 में रामभक्तों पर गोली चलाए जाने के बाद सरकार को समर्थन देकर बचाने का मुद्दा उठाया। उनका यह बयान कांग्रेस और सपा के पुराने राजनीतिक संबंधों पर केंद्रित था। इसी संदर्भ में मुलायम सिंह यादव को पद्म विभूषण दिए जाने का सवाल भी सामने आया।

साल 2008 में सपा ने क्यों दिया था यूपीए सरकार को समर्थन?

साल 2008 में सपा ने क्यों दिया था यूपीए सरकार को समर्थन?

सपा और कांग्रेस के रिश्तों की बात करें तो साल 2008 में केंद्र की तत्कालीन यूपीए सरकार मुश्किल में आ गई थी। भारत-अमेरिका नागरिक परमाणु समझौते को लेकर वाम दलों ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार से समर्थन वापस ले लिया था। इससे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार पर संकट खड़ा हो गया था। ऐसे समय में 22 जुलाई 2008 को समाजवादी पार्टी ने यूपीए सरकार का समर्थन किया। इसके बाद लोकसभा में हुए विश्वास मत के दौरान सरकार के पक्ष में 275 वोट पड़े, जबकि विरोध में 256 वोट मिले। इस तरह मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार विश्वास मत हासिल करने में सफल रही।

मुलायम सिंह यादव ने परमाणु समझौते को लेकर क्या कहा था?

उस समय मुलायम सिंह यादव ने कांग्रेस की अगुवाई वाली सरकार को समर्थन देने के पीछे देशहित का तर्क दिया था। उन्होंने पत्रकारों से कहा था कि तत्कालीन राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने उन्हें बताया था कि भारत-अमेरिका परमाणु समझौता देश के हित में है। इसी वजह से उनकी पार्टी ने यूपीए सरकार का साथ देने का फैसला किया था।

मुलायम सिंह यादव को कब मिला था पद्म विभूषण?

मुलायम सिंह यादव को कब मिला था पद्म विभूषण?

समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को साल 2023 में मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। उन्हें यह सम्मान सार्वजनिक क्षेत्र में उनके योगदान के लिए दिया गया था। मुलायम सिंह यादव के बेटे और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से यह सम्मान ग्रहण किया था।