Rajat Dalal Wedding: ‘बिग बॉस’ 18 और चर्चित रियलिटी शो ‘द 50’ के जरिए दर्शकों के दिलों में जगह बनाने वाले मशहूर फिटनेस इन्फ्लुएंसर और टीवी पर्सनैलिटी रजत दलाल अब आधिकारिक तौर पर शादी के बंधन में बंध चुके हैं। उन्होंने रविवार (29 मार्च) को बेहद गुपचुप तरीके से अपनी गर्लफ्रेंड के साथ सात फेरे लेकर हर किसी को हैरान कर दिया है। अपनी इस ड्रीमी वेडिंग की खास तस्वीरें खुद रजत ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर की हैं, जो इंटरनेट की दुनिया में आग की तरह फैल गई हैं।
गुपचुप शादी के बंधन में बंधे रजत दलाल
रजत दलाल ने कल अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर अपनी सीक्रेट वेडिंग की बेहद खूबसूरत और ड्रीमी झलकियां फैंस के साथ साझा कीं। इन वायरल तस्वीरों में दूल्हा-दुल्हन के बीच की शानदार केमिस्ट्री और खुशी साफ झलक रही है। तस्वीरों के बैकग्राउंड में बहती शांत नदी और खूबसूरत नजारा पूरी सेरेमनी को किसी फेयरीटेल जैसा लुक दे रहा था। कहीं रजत अपनी दुल्हनिया का हाथ थामे नजर आ रहे हैं, तो किसी तस्वीर में दोनों एक-दूसरे की आंखों में खोए हुए दिखाई दे रहे हैं।
रेड लहंगे और ऑफ-व्हाइट शेरवानी में दिखा रॉयल लुक
अपनी इस जिंदगी की सबसे बड़ी खुशी की तस्वीरें पोस्ट करते हुए रजत दलाल ने बेहद भावुक कैप्शन में लिखा, “जीवन के एक नए पहलू की शुरुआत।” हालांकि, लाइमलाइट से दूर रहने वाले रजत ने फिलहाल अपनी जीवनसंगिनी के नाम और चेहरे की पहचान को पूरी तरह से गुप्त (Secret) रखा है। इस बेहद खास दिन पर रजत दलाल जहां ऑफ-व्हाइट कलर की हैवी शेरवानी, साफा और मोतियों की माला में किसी राजा जैसे लग रहे थे, वहीं उनकी दुल्हन ने गहरे लाल रंग का पारंपरिक भारी लहंगा पहना था, जिसमें वह बेहद हसीन लग रही थीं।
मुनव्वर फारूकी और निक्की तंबोली सहित सेलेब्स लुटा रहे प्यार
रजत की इन तस्वीरों के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस के साथ-साथ टीवी जगत के बड़े सितारों ने भी बधाई देने की झड़ी लगा दी। ‘बिग बॉस’ विनर मुनव्वर फारूकी ने चुटकी लेते हुए कमेंट किया, “गाड़ी की स्पीड कंट्रोल करने वाली आ गई है! बहुत मुबारक मेरे भाई और भाभी को।” वहीं, शो ‘द 50’ की को-कंटेस्टेंट निक्की तंबोली और शिव ठाकरे ने भी उन्हें ढेरों शुभकामनाएं दीं। कशिश कपूर ने हैरानी जताते हुए लिखा, “क्या! आपने शादी कर ली? ओएमजी!” बता दें कि इससे पहले सोशल मीडिया पर रजत का नाम एक्ट्रेस चाहत पांडे के साथ लगातार जोड़ा जा रहा था, जो अब महज एक अफवाह साबित हुई है।









