Rajasthan Royals Beat Gujarat Titans: आखिरी गेंद पर राजस्थान की जीत, गुजरात टाइटंस की दिल तोड़ने वाली हार

राजस्थान रॉयल्स की लगातार दूसरी जीत! सांसें थाम देने वाले रोमांचक मुकाबले में रियान पराग की सेना ने गुजरात टाइटंस को उसी के घर में 6 रन से धूल चटा दी है। इस धमाकेदार जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 पर पहुंच गई है।

Rajasthan Royals Beat Gujarat Titans

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

अप्रैल 5, 2026

Rajasthan Royals Beat Gujarat Titans: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के नौवें मुकाबले में क्रिकेट फैंस को रोमांच की पराकाष्ठा देखने को मिली। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मैच में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने गुजरात टाइटंस (GT) को आखिरी गेंद तक चले मुकाबले में 6 रन से हरा दिया।

इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने सीजन में अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की है और वह पॉइंट्स टेबल में शीर्ष (पहले स्थान) पर पहुंच गई है। वहीं, गुजरात टाइटंस को अपने घरेलू मैदान पर लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है।

IPL 2026: रोहित शर्मा का ‘विराट’ रिकॉर्ड! दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 50 छक्के जड़ने वाले बने पहले बल्लेबाज

ध्रुव जुरैल और यशस्वी के तूफान से राजस्थान ने बनाए 210 रन

Rajasthan Royals Beat Gujarat Titans
आखिरी गेंद पर राजस्थान की जीत

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। युवा सनसनी यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 6.2 ओवर में 70 रन जोड़ दिए।

वैभव सूर्यवंशी: 18 गेंदों में 31 रन (5 चौके, 1 छक्का)

यशस्वी जायसवाल: 36 गेंदों में 55 रनों की कप्तानी पारी।

इसके बाद नंबर तीन पर उतरे विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरैल ने मोर्चा संभाला और मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाए। जुरैल ने मात्र 42 गेंदों में 75 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। उन्होंने यशस्वी के साथ दूसरे विकेट के लिए 56 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। अंत में शिमरोन हेटमायर की 18 रनों की कैमियो पारी की बदौलत राजस्थान ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 210 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। गुजरात के लिए कगिसो रबाडा ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।

साई सुदर्शन की जुझारू पारी, पर बीच में लखड़ाई गुजरात

211 रनों के कड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस को कुमार कुशाग्र (18 रन) और साई सुदर्शन ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर 7.6 ओवर में 78 रन जोड़े।

साई सुदर्शन: उन्होंने 44 गेंदों में 9 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 73 रनों की बेहतरीन पारी खेली और टीम को मैच में बनाए रखा।

हालांकि, सुदर्शन के आउट होने के बाद गुजरात की पारी लड़खड़ा गई। जोस बटलर (26 रन) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। इसके बाद आए विदेशी सितारे ग्लेन फिलिप्स (3 रन), वॉशिंगटन सुंदर (4 रन) और शाहरुख खान (11 रन) भी सस्ते में निपट गए, जिससे गुजरात पर दबाव बढ़ गया।

आखिरी ओवर का रोमांच और रवि बिश्नोई की घातक गेंदबाजी

अंतिम ओवरों में राशिद खान (24 रन) और कगिसो रबाडा (नाबाद 23 रन) ने हार नहीं मानी और 30 गेंदों में 43 रनों की तेजतर्रार साझेदारी कर मैच को अंतिम गेंद तक खींच दिया। आखिरी दो ओवरों में गुजरात को कसी हुई गेंदबाजी का सामना करना पड़ा। जोफ्रा आर्चर और तुषार देशपांडे ने बेहतरीन यॉर्कर और स्लोअर गेंदे डालकर गुजरात को लक्ष्य से 6 रन दूर रोक दिया। गुजरात की टीम 8 विकेट खोकर 204 रन ही बना सकी।

राजस्थान की इस जीत के सबसे बड़े हीरो लेग स्पिनर रवि बिश्नोई रहे, जिन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में 41 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए और गुजरात के मिडिल ऑर्डर की कमर तोड़ दी।

DC vs MI: समीर रिजवी की विस्फोटक पारी, मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी बेअसर