Rahul Gandhi Speech: राहुल गांधी के बयान पर लोकसभा में भारी बवाल, राजनाथ सिंह और रिजिजू का पलटवार

लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ 'जादूगर' वाली विवादित टिप्पणी की। इस पर सत्ता पक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी से देश से माफी मांगने की मांग की। भारी हंगामे के बीच स्पीकर ने राहुल गांधी के शब्दों को सदन की कार्यवाही से हटा दिया है।

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अप्रैल 17, 2026

Rahul Gandhi Speech: संसद के निचले सदन लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा के दौरान उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ तीखी और विवादित टिप्पणी की। राहुल गांधी द्वारा पीएम मोदी की तुलना एक ‘पकड़े गए जादूगर’ से करने पर सत्ता पक्ष ने कड़ा विरोध जताया, जिसके बाद स्पीकर ओम बिरला को उन शब्दों को सदन की रिकॉर्ड से हटाने का निर्देश देना पड़ा।

महिला आरक्षण बिल पर राहुल का प्रहार

बताते चले कि, लोकसभा में अपनी बात रखते हुए राहुल गांधी ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी को अच्छी तरह पता है कि वे इस विधेयक को लागू नहीं कर सकते। राहुल ने इसे सरकार की घबराहट करार देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री दो संदेश देना चाहते थे—पहला, भारत का चुनावी नक्शा बदलना और दूसरा, खुद को महिला समर्थक दिखाना। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह सब केवल इसलिए किया गया क्योंकि ‘सच्चाई सामने आ गई है’।

पीएम मोदी पर नेता प्रतिपक्ष की विवादित टिप्पणी

राहुल गांधी ने एक कहानी का संदर्भ देते हुए प्रधानमंत्री पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा, “सच्चाई यह है कि जादूगर पकड़ा गया है। बालाकोट का जादूगर, नोटबंदी का जादूगर, सिंदूर का जादूगर अचानक पकड़ा गया है।” राहुल गांधी के इन विशेषणों का इस्तेमाल करते ही सदन में शोर-शराबा शुरू हो गया। विपक्ष के नेता ने प्रधानमंत्री की कार्यशैली पर कटाक्ष करते हुए उन्हें विभिन्न घटनाओं से जोड़कर ‘जादूगर’ बताया, जिसे सत्ता पक्ष ने अपमानजनक माना।

किरेन रिजिजू ने जताई कड़ी आपत्ति

राहुल गांधी के बयान पर संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने तुरंत मोर्चा संभाला। उन्होंने राहुल गांधी को जिम्मेदारी से बोलने की सलाह देते हुए कहा कि देश के 140 करोड़ लोगों द्वारा चुने गए प्रधानमंत्री के लिए ऐसे ‘अनाप-शनाप’ शब्दों का प्रयोग करना कतई स्वीकार्य नहीं है। रिजिजू ने नाराजगी जाहिर करते हुए पूछा कि नेता प्रतिपक्ष ऐसी टिप्पणी करके आखिर क्या साबित करना चाहते हैं और उन्हें संसदीय मर्यादा का पालन करना चाहिए।

राजनाथ सिंह का पलटवार

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस मामले में बेहद कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने सदन में कहा कि प्रधानमंत्री के लिए इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल करना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि निंदनीय भी है। राजनाथ सिंह ने जोर देकर कहा कि जनता के बहुमत से बने प्रधानमंत्री को बार-बार ‘मैजिशियन’ कहना देश के मतदाताओं का अपमान है। उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी को अपने इस आचरण के लिए देशवासियों से क्षमा मांगनी चाहिए और इन शब्दों को तुरंत कार्यवाही से निकाला जाए।

दक्षिण भारत और परिसीमन का मुद्दा

विवादित टिप्पणियों के अलावा राहुल गांधी ने महिला आरक्षण और भविष्य में होने वाले परिसीमन (Delimitation) को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान प्रस्ताव से दक्षिण भारतीय राज्यों को सीटों का भारी नुकसान होगा। राहुल ने स्पष्ट किया कि विपक्ष इस स्वरूप में विधेयक को आसानी से पास नहीं होने देगा। उनके अनुसार, यह बिल केवल चुनावी फायदे के लिए लाया गया है और इसके पीछे की रणनीतिक गणना दक्षिण के राज्यों के प्रतिनिधित्व को कम करने वाली है।