Punjab News: पंजाब में सियासी हलचल के बीच दमदमा साहिब पहुंचे सुखबीर बादल, कही बड़ी बात

शिरोमणि अकाली दल के प्रधान और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने सांसद हरसिमरत कौर बादल के साथ तख्त श्री दमदमा साहिब में माथा टेककर पंजाब की शांति और खुशहाली के लिए अरदास की।

Punjab News

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

अगस्त 25, 2026

Punjab News: शिरोमणि अकाली दल के प्रधान और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल मंगलवार को सांसद हरसिमरत कौर बादल के साथ ऐतिहासिक तख्त श्री दमदमा साहिब पहुंचे और वहां माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। अपने ऊपर हुए पूर्व के हमलों के बाद ईश्वर का शुक्रिया अदा करने पहुंचे सुखबीर बादल ने तख्त साहिब में विशेष रूप से पंजाब की अमन-शांति, आपसी भाईचारे और प्रदेश की खुशहाली के लिए अरदास की। इस दौरान उन्होंने कठिन समय में अपनी सलामती और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करने वाली देश-विदेश की संगतों तथा सभी शुभचिंतकों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

Punjab News: सभी सीटों पर चुनाव की तैयारी में BJP, गठबंधन पर सस्पेंस बरकरार

विरोधी ताकतों पर साधा निशाना

तख्त साहिब में नतमस्तक होने के उपरांत मीडिया और संगतों को संबोधित करते हुए सुखबीर सिंह बादल ने कड़े शब्दों में कहा कि वह उन तमाम लोगों के हमेशा ऋणी रहेंगे, जिन्होंने संकट के दौर में उनका साथ दिया और उनके लिए प्रार्थनाएं कीं। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज पंजाब एक ऐसे नाजुक दौर से गुजर रहा है जहां सभी पंजाबियों को व्यक्तिगत मतभेद भुलाकर एकजुट होना होगा।

सुखबीर बादल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में कुछ ऐसी असामाजिक और बाहरी ताकतें सक्रिय हैं, जो पंजाब को अपना घर नहीं मानतीं और यहां की मजबूत राजनीतिक तथा धार्मिक लीडरशिप को कमजोर करना चाहती हैं। उनका मुख्य उद्देश्य सिख नेतृत्व को आहत करना और पंजाब की दशकों मेहनत से बहाल की गई अमन-शांति को फिर से पटरी से उतारना है। उन्होंने चेताया कि कुछ लोग राज्य को एक बार फिर से पुराने काले दौर में धकेलने की साजिश रच रहे हैं, लेकिन शिरोमणि अकाली दल किसी भी कीमत पर प्रदेश के भाईचारे को टूटने नहीं देगा।

105 वर्षों का संघर्ष और अकाली दल का मूल उद्देश्य

अकाली दल के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए सुखबीर बादल ने कहा कि यह जत्थेबंदी पिछले 105 वर्षों से लगातार पंजाब, शहीदों और खालसा पंथ के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती आ रही है। देश की आजादी की लड़ाई से लेकर स्वतंत्र भारत में पंजाब के वैध अधिकारों, पानी और भाषाई मुद्दों के लिए पार्टी ने हमेशा बुलंद आवाज उठाई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी की कमान संभालने के बाद उनका एकमात्र और मुख्य लक्ष्य पंजाब में शांति, भाईचारा और विकास की रफ्तार को तेज करना है। सभी धर्मों का आदर करना और हर वर्ग की तरक्की सुनिश्चित करना उनके राजनीतिक जीवन का मुख्य मिशन रहा है।

हरसिमरत कौर बादल का बयान

इस अवसर पर सांसद हरसिमरत कौर बादल ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि सुखबीर बादल के पुराने घावों के टांके अब खुल चुके हैं और प्रभावित हिस्से पर सुरक्षा की दृष्टि से प्लास्टर लगाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोची-समझी साजिश के तहत पंजाब के शांतिपूर्ण माहौल को दूषित करने का प्रयास किया जा रहा है और इसी नापाक मकसद के तहत विरोधी ताकतों द्वारा सुखबीर बादल को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है।

हरसिमरत कौर ने कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों के दौरान सुखबीर बादल पर जितने भी घातक हमले हुए, हर बार अकाल पुरखों (परमात्मा) ने उनकी रक्षा की है। उन्होंने संकट की घड़ी में ढाल बनकर खड़े रहने वाले सभी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का धन्यवाद किया। इस धार्मिक और भावनात्मक अवसर पर बड़ी संख्या में अकाली दल के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और दूर-दराज से पहुंची संगत उपस्थित रही।

Punjab Bandh: पंजाब में 27 अगस्त को बंद का ऐलान, यातायात से लेकर स्कूलों तक पड़ेगा असर