Punjab: खेल जगत से पंजाब और पूरे देश के लिए एक बेहद गर्व और उत्साह से भरा पल सामने आया है। पंजाब के होशियारपुर की रहने वाली महज 17 वर्षीय प्रतिभावान बैडमिंटन खिलाड़ी तन्वी शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाते हुए प्रतिष्ठित बीडब्ल्यूएफ ताइपे ओपन सुपर-300 महिला एकल का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस शानदार खिताबी मुकाबले में तन्वी ने अपने बेहतरीन और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए वियतनाम की अनुभवी खिलाड़ी न्गुएन थुई लिन्ह को सीधे सेटों में 21-16, 21-16 से करारी शिकस्त दी। तन्वी के खेल करियर की यह अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है, जिसने पूरी दुनिया में भारत का परचम लहरा दिया है।
Punjab News: नशे के खिलाफ अभियान तेज, पंजाब में फेलोशिप के दूसरे चरण की शुरुआत
18 साल के लंबे इंतजार के बाद भारत के नाम खिताब
इस प्रतिष्ठित जीत के साथ ही युवा शटलर तन्वी शर्मा ने ताइपे ओपन सुपर-300 टूर्नामेंट जीतने वाली भारत की चुनिंदा और सबसे युवा खिलाड़ियों की सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया है। सबसे खास बात यह है कि लगभग 18 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद किसी भारतीय महिला खिलाड़ी ने इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम की है। इससे पहले साल 2008 में देश की स्टार शटलर साइना नेहवाल ने इस खिताब को जीतकर इतिहास रचा था।
विश्व जूनियर स्तर पर नंबर-1 रह चुकी तन्वी पिछले कुछ वर्षों में अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन सर्किट में एक उभरती हुई मजबूत ताकत के रूप में सामने आई हैं। जूनियर प्रतियोगिताओं में अपनी धाक जमाने के बाद अब उन्होंने सीनियर सर्किट में भी अपनी काबिलियत का लोहा मनवा दिया है। वर्तमान में तन्वी विश्व रैंकिंग के शीर्ष-35 खिलाड़ियों में शुमार होकर भारत की सबसे होनहार युवा शटलरों में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं। होशियारपुर के एक स्थानीय कोर्ट से शुरू हुआ उनका यह संघर्षपूर्ण सफर आज अंतरराष्ट्रीय मंच की बुलंदियों को छू रहा है, जिसकी सफलता के पीछे उनकी मां और कोच मीना शर्मा की कड़ी मेहनत और त्याग का बहुत बड़ा योगदान है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दी बधाई और शुभकामनाएं
इस ऐतिहासिक और गौरवशाली जीत पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोशल मीडिया के माध्यम से होशियारपुर की इस युवा सनसनी को अपनी ओर से हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने इसे पूरे पंजाब और देश के लिए अत्यंत गर्व का क्षण करार दिया है।
अपने बधाई संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि मात्र 17 वर्ष की कम उम्र में तूपानी और अनुशासित खेल दिखाते हुए बीडब्ल्यूएफ ताइपे ओपन सुपर-300 का खिताब जीतना एक असाधारण उपलब्धि है। तन्वी ने अपनी इस सफलता से न केवल पंजाब बल्कि पूरे देश का मस्तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊंचा कर दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कामना की कि उनकी बेटी खेल के क्षेत्र में इसी प्रकार निरंतर आगे बढ़ती रहे, नए आयाम स्थापित करे और देश का नाम रोशन करती रहे। उन्होंने तन्वी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसके आगामी अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए भी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। इस जीत से पूरे पंजाब में जश्न का माहौल है और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।










